मऊरानीपुर में 61.56 लाख की लागत से बनी सड़कों की गुणवत्ता की जांच, डीएम ने प्रयोगशाला परीक्षण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सड़क चौड़ीकरण और 1.46 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे खेल मैदान के पवेलियन का किया निरीक्षण, निर्माण सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजने के निर्देश

झांसी, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं नवनिर्मित विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका परिषद द्वारा कुल 61.56 लाख रुपये की लागत से कराए गए दो सड़क चौड़ीकरण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई। जिलाधिकारी ने निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने सबसे पहले मऊरानीपुर के मोहल्ला नदीपार स्टेशन में तहसील तिराहे से दूरसंचार केंद्र तक हॉटमिक्स सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस मार्ग का निर्माण नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर द्वारा 30.14 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। इसके बाद उन्होंने फसल शोध केंद्र से डाक बंगला तिराहे तक 31.42 लाख रुपये की लागत से कराए गए हॉटमिक्स सड़क चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। दोनों मार्गों का चौड़ीकरण 7.5 मीटर तक किया गया है।
सड़क की परतों की जांच, सामग्री के नमूने प्रयोगशाला भेजने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता से सड़क निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता की जांच कराई। इसके तहत दोनों मार्गों पर तीन से चार स्थानों का आकस्मिक चयन कर सड़क की क्रस्ट यानी विभिन्न निर्माण परतों की जांच की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण में प्रयुक्त सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
1.46 करोड़ की लागत से बन रहे पवेलियन और मंच का निरीक्षण
इसके बाद जिलाधिकारी गौरांग राठी ने दमेले इंटर कॉलेज खेल मैदान में निर्माणाधीन पवेलियन एवं मंच का निरीक्षण किया।ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि यह निर्माण कार्य बुंदेलखंड विकास निधि (जिलांश) के अंतर्गत 146.50 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य 23 मई 2026 को प्रारंभ हुआ था, जबकि अनुबंध के अनुसार इसे 22 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाना निर्धारित था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता का जायजा लिया, जो प्रथम दृष्टया संतोषजनक पाई गई। उन्होंने मंच को आकर्षक स्वरूप देने के लिए उसके पीछे खेल मैदान का नाम स्पष्ट और सुंदर अक्षरों में अंकित कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यों का मानकों के अनुरूप पूरा होना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मऊरानीपुर मनोज आर्य, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश कुमार, नगर पालिका परिषद मऊरानीपुर के अधिशासी अधिकारी महेंद्र चौधरी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संदीप कुमार तथा नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता मनोज पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
