‘सेवा संकल्प’ के तहत वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
कानपुर के वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. गोविंद त्रिवेदी और डॉ. शिवांश त्रिवेदी ने सैकड़ों लोगों का किया परीक्षण, दवाइयां भी वितरित

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जनता की सेवा को सर्वोपरि मानते हुए सदर विधायक पंकज गुप्ता के विशेष संयोजन में उनके कैंप कार्यालय पर वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कानपुर के प्रख्यात वरिष्ठ हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. गोविंद त्रिवेदी और उनके पुत्र डॉ. शिवांश त्रिवेदी ने बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में लोगों को हड्डी एवं जोड़ संबंधी बीमारियों के साथ भविष्य में होने वाली विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव की जानकारी भी दी गई। दवा कंपनी की ओर से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि उनका प्रयास है कि जनपद के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं घर के पास ही उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला शुरू की गई है और आगे भी ऐसे आयोजन जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनके जन्मदिन से एक दिन पहले इस अभियान की शुरुआत उन्नाव आवास विकास कॉलोनी स्थित वेदांता हॉस्पिटल के प्रबंधक मयंक बाजपेई और वरिष्ठ पत्रकार प्राचीन्द्र मिश्रा के सहयोग से की गई थी। अब तक विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच, परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। विधायक ने कहा कि उनके अनुरोध पर वरिष्ठ सर्जन डॉ. गोविंद त्रिवेदी ने पहली बार इस शिविर में समय देकर जनपदवासियों की सेवा की, जो सभी के लिए प्रसन्नता की बात है। इससे पहले विधायक ने डॉ. गोविंद त्रिवेदी और डॉ. शिवांश त्रिवेदी का अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा मां दुर्गा का विग्रह भेंट कर स्वागत किया। नवरात्रि के दौरान आयोजित शिविर की शुरुआत 10 वर्षीय पीहू तिवारी का स्वास्थ्य परीक्षण कर, उसे दवाइयां और परामर्श देकर की गई। शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों सहित जिले के कई गणमान्य लोगों ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान विधायक पुत्र प्रखर गुप्ता, उनकी पत्नी रश्मि गुप्ता, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, सभासद ब्रजेश पांडे, प्रदीप सिंह, प्रमोद सिंह, पवन, रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अमित मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
