HomeCrimeठाणे में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़: महिला एजेंट गिरफ्तार, 4 पीड़ित...

ठाणे में देह व्यापार रैकेट का भंडाफोड़: महिला एजेंट गिरफ्तार, 4 पीड़ित महिलाओं का रेस्क्यू

इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे पुलिस की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। अनैतिक मानवी तस्करी शाखा (AHTC) ने वार्तकनगर पुलिस थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया, जबकि देह व्यापार में धकेली गई चार पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया। मामले में एक अन्य महिला एजेंट अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पोखरण रोड नंबर-1 स्थित तुलसी धाम और आईबिस होटल के पास एक महिला एजेंट ग्राहकों को युवतियां उपलब्ध कराने आने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बोगस ग्राहक और पंच की मदद से जाल बिछाया। जैसे ही सौदा तय हुआ, क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर छापा मारकर महिला एजेंट को गिरफ्तार कर लिया और चार पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार महिला एजेंट पिछले चार-पांच वर्षों से इस अवैध धंधे में सक्रिय थी। वह जयपुर, चेन्नई, गुजरात, गोवा, लोनावला, मुंबई और ठाणे सहित कई शहरों में ग्राहकों को महिलाओं की तस्वीरें भेजकर उनकी सप्लाई करती थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।रेस्क्यू की गई चारों पीड़ित महिलाओं को नियमानुसार सुरक्षित महिला संरक्षण गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार महिला एजेंट तथा फरार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।यह पूरी कार्रवाई ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा क्राइम एसीपी मदन बल्लाळ के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में अनैतिक मानवी तस्करी शाखा की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अंजली आंधळे, सहायक पुलिस निरीक्षक स्नेहल शिंदे, पुलिस उपनिरीक्षक दीक्षा ढाकरे, पुलिस उपनिरीक्षक निलेश क्षीरसागर और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ठाणे पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि पीड़ितों को समय रहते बचाया जा सके और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments