पोषण रसोई प्रतियोगिता में मुंबई की प्रतिभा भालेराव ने हासिल किया पहला स्थान

मुंबई। राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अवसर पर ‘सभी के लिए भोजन और पोषण’ की संकल्पना के तहत आयोजित ‘पोषण रसोई प्रतियोगिता’ में मुंबई के घाटकोपर की आंगनवाड़ी सेविका प्रतिभा राहुल भालेराव और समुदाय की महिला दीपाली संदीप तांबे ने प्रथम स्थान हासिल किया। शुक्रवार को कॉर्प चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में दोनों ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों से विशेष थाली तैयार की थी। विजेता थाली में टीएचआर खिचड़ी, टीएचआर पराठा, सहजन के पत्तों की चटनी, मिश्रित सब्जियों की चाट और टीएचआर लड्डू शामिल थे। इन व्यंजनों को पोषण, स्वाद, स्वच्छता और घरेलू स्तर पर आसानी से तैयार किए जाने के आधार पर सराहा गया। प्रतियोगिता में पालघर की यमुना सुरेश मिसाल और प्रमिला सुभाष मिसाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि गडचिरोली की कविता रामू दुगा और पूजा रंजीत नारोटे की टीम तीसरे स्थान पर रही। फाउंडेशन के ‘पहले 1,000 दिन’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के पालघर, नंदुरबार, गडचिरोली, कर्जत और मुंबई सहित पांच परियोजना क्षेत्रों की कुल 350 महिलाओं ने भाग लिया। इन महिलाओं ने 175 टीमों के माध्यम से विभिन्न पौष्टिक व्यंजन तैयार किए। प्रतियोगिता का अंतिम चरण 4 अक्टूबर 2026 को मुंबई में आयोजित किया गया, जिसमें चयनित 14 टीमों ने हिस्सा लिया। व्यंजनों का मूल्यांकन पोषण मूल्य, टेक होम राशन (टीएचआर) के उचित उपयोग, स्वच्छता, लागत, स्वाद और घर में दोबारा आसानी से तैयार किए जाने की क्षमता के आधार पर किया गया। अंतिम निर्णायक मंडल में महाराष्ट्र की एकीकृत बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) आयुक्त माधवी सरदेशमुख, पोषण विशेषज्ञ एवं शैक्षणिक सलाहकार डॉ. अनुराधा मित्रा तथा ट्रैवल फूड सर्विसेज के कॉर्पोरेट शेफ राजेश शेट्टी शामिल थे। प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं और आंगनवाड़ी सेविकाओं को उपलब्ध पोषण सामग्री का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना और कम खर्च में पौष्टिक भोजन तैयार करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में विशेष रूप से माताओं और बच्चों के पोषण के महत्व पर जोर दिया गया।
