गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट, कल्याणी नदी घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। आगामी 20 सितंबर को नगर में निकलने वाली गणेश शोभायात्रा और कल्याणी नदी तट पर होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चन्द पांडेय ने पुलिस टीम के साथ विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कोतवाली प्रभारी ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को देखा। उन्होंने संबंधित कर्मियों को विसर्जन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए घाट पर पुलिस बल के साथ गोताखोरों की तैनाती की गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण तरीके से तथा निर्धारित नियमों के अनुसार प्रतिमा विसर्जन करने की अपील की है। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने की हिदायत दी गई है। वहीं, हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गणेश शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए कल्याणी नदी की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी की गई है। पुलिस प्रशासन का प्रयास है कि शोभायात्रा और प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *