लोकभवन में पुलिस अलंकरण समारोह, 103 पुलिस अधिकारी और कर्मियों को पदक
राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने वीरता, विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए किया सम्मानित

मुंबई। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने शुक्रवार को लोकभवन में आयोजित पुलिस अलंकरण समारोह में महाराष्ट्र पुलिस के 103 अधिकारियों और कर्मियों को राष्ट्रपति द्वारा घोषित विभिन्न पुलिस पदकों से सम्मानित किया। इनमें पुलिस वीरता पदक, वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक शामिल रहे। समारोह में वर्ष 2022 और 2023 के स्वतंत्रता दिवस तथा 2023 और 2024 के गणतंत्र दिवस के अवसर पर घोषित पुलिस पदक प्रदान किए गए। अलंकरण समारोह में 2 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को पुलिस वीरता पदक (PMG), 18 को वीरता पदक (GM), 3 अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPM), 4 अधिकारियों एवं कर्मियों को राष्ट्रपति का सराहनीय सेवा पदक (PSM), 40 अधिकारियों एवं कर्मियों को पुलिस पदक (PM) तथा 36 को सराहनीय सेवा पदक (MSM) प्रदान किए गए। सम्मानित अधिकारियों में मीरा-भायंदर वसई-विरार के पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, पिंपरी-चिंचवड़ के पुलिस आयुक्त विनय कुमार चौबे, अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) प्रवीण सालुंखे, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) मधुकर पांडेय, विशेष पुलिस महानिरीक्षक (वीआईपी सुरक्षा) प्रवीण कुमार पडवल और विशेष पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण एवं विशेष दस्ते) निशिथ मिश्र भी शामिल रहे। समारोह में गृह राज्यमंत्री (ग्रामीण) डॉ. पंकज भोयर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) मनीषा म्हैसकर, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एटीएस) नवल बजाज सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मानित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के परिजन भी समारोह में मौजूद रहे। राज्यपाल ने पदक विजेताओं को सम्मानित करते हुए पुलिस सेवा में उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
