50 हजार की रिश्वत लेते पुलिस कांस्टेबल फरार, परिवीक्षाधीन PSI ACB की हिरासत में

इंद्र यादव
मुंबई।
आम नागरिकों को कानून का पालन कराने वाली मुंबई पुलिस के दो कर्मचारियों पर ही रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की मुंबई इकाई ने वी.पी. मार्ग पुलिस थाने में तैनात एक परिवीक्षाधीन पुलिस उपनिरीक्षक और एक कांस्टेबल के खिलाफ जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस उपनिरीक्षक को हिरासत में ले लिया गया, जबकि रिश्वत की रकम लेकर भागा कांस्टेबल फरार है। ACB से मिली जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय शिकायतकर्ता और उसकी मां के खिलाफ वी.पी. मार्ग पुलिस थाने में एक आपराधिक मामला दर्ज है। इस मामले की जांच परिवीक्षाधीन पुलिस उपनिरीक्षक हरेश्वर यशवंत शेंडे (26) कर रहे थे। आरोप है कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता और उसकी मां को मदद पहुंचाने के नाम पर उपनिरीक्षक ने दोनों से अलग-अलग 25-25 हजार रुपये मांगे। इस तरह कुल 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने 16 नवंबर 2026 को मुंबई ACB कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद ACB अधिकारियों ने 16 और 18 नवंबर को मामले की जांच और शिकायत का सत्यापन किया। इस दौरान कथित तौर पर रिश्वत मांगने और रकम स्वीकार करने की सहमति देने की बात सामने आई। इसके बाद 18 नवंबर को ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
रिश्वत की रकम लेकर कांस्टेबल फरार
आरोप है कि रिश्वत की रकम देने के समय पुलिस उपनिरीक्षक हरेश्वर शेंडे ने शिकायतकर्ता को पैसे अपने साथ ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कांस्टेबल धनंजय दिलीप वायसे को देने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपये कांस्टेबल को सौंप दिए। कांस्टेबल ने कथित तौर पर उपनिरीक्षक के कहने पर रकम स्वीकार कर ली। हालांकि, इसी दौरान उसे ACB की कार्रवाई का संदेह हो गया और वह रिश्वत की रकम लेकर मौके से फरार हो गया। ACB की टीम ने पुलिस उपनिरीक्षक हरेश्वर शेंडे को हिरासत में ले लिया है, जबकि कांस्टेबल धनंजय वायसे की तलाश जारी है।
दो मोबाइल फोन जब्त, घर की तलाशी जारी
कार्रवाई के दौरान ACB ने हिरासत में लिए गए पुलिस उपनिरीक्षक की तलाशी लेकर दो मोबाइल फोन जब्त किए। फरार कांस्टेबल का मोबाइल फोन भी पुलिस थाने से बरामद कर कब्जे में लिया गया है। दोनों मोबाइल फोन जांच के लिए जब्त किए गए हैं। इसके अलावा आरोपी पुलिस उपनिरीक्षक के घर की तलाशी की कार्रवाई भी जारी है। मामले में आगे की जांच ACB कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *