आशाराम बापू के समर्थन में आजाद मैदान में उमड़ा जनसैलाब, उपचार से लेकर रिहाई तक की उठी मांग

मुंबई। 87 वर्षीय संत आशाराम बापू के स्वास्थ्य उपचार, अहमदाबाद स्थित मोटेरा आश्रम की रक्षा और उनकी शीघ्र रिहाई की मांग को लेकर गुरुवार को मुंबई के आजाद मैदान में शांतिपूर्ण जन आंदोलन आयोजित किया गया। श्री योग वेदांत सेवा समिति और साधक परिवार की ओर से आयोजित इस आंदोलन में महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में सनातन धर्म के अनुयायी, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। आयोजकों के अनुसार, जोधपुर केंद्रीय कारागार में बंद आशाराम बापू की स्वास्थ्य स्थिति गंभीर है। उनका दावा है कि उन्हें 11 गंभीर बीमारियां हैं और हृदय की तीन प्रमुख धमनियों में क्रमशः 99, 95 और 85 प्रतिशत तक ब्लॉकेज है। आयोजकों ने यह भी दावा किया कि उन्हें कई बार हृदयाघात हो चुका है और उनकी उम्र तथा स्वास्थ्य को देखते हुए तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है।
ज्ञापन में रखीं तीन प्रमुख मांगें
आंदोलनकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि न्यायालय के आदेशों के अनुरूप आशाराम बापू को जोधपुर स्थित आरोग्यम आयुर्वेदिक हॉस्पिटल में समग्र उपचार और उनकी पसंद का प्रशिक्षित निजी सेवक उपलब्ध कराया जाए। समिति का कहना है कि यह किसी विशेष सुविधा की मांग नहीं, बल्कि एक बुजुर्ग बंदी को मानवीय आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और न्यायालय के आदेशों का पालन करने का अनुरोध है।
दूसरी मांग अहमदाबाद के मोटेरा आश्रम को ओलंपिक खेलों के मैदान के लिए अधिग्रहित नहीं करने की है। प्रदर्शनकारियों ने आश्रम को धार्मिक आस्था और तपस्थली बताते हुए कहा कि यहां सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक और महिला उत्थान से जुड़े सेवा कार्य संचालित होते हैं। इसलिए आश्रम की भूमि को सुरक्षित रखा जाना चाहिए।
तीसरी मांग आशाराम बापू के मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कराने तथा उन्हें शीघ्र रिहा करने की है। प्रदर्शनकारियों ने मामले में सीबीआई जांच की मांग भी उठाई। उनका आरोप है कि मामले में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने उम्र संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन और पॉक्सो कानून के कथित दुरुपयोग का मुद्दा भी उठाया।
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल
आंदोलन में हिंदू जनजागृति समिति के अभय वर्तक, सोशल मीडिया प्रतिनिधि आशुतोष झा, आरएसएस के बाबू भाई, बजरंग दल के गौतम रावरिया, वारकरी संप्रदाय के भगवान आव्हाड, एडवोकेट संतोष दुबे, शंकराचार्य त्रिकाल भवंता सहित विभिन्न हिंदू संगठनों, श्री योग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ और महिला मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों के अनुसार, आंदोलन के दौरान हजारों लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। ज्ञापन कलेक्टर और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा गया तथा इसे मंत्रालय तक पहुंचाने की भी बात कही गई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने की चेतावनी भी दी। प्रदर्शनकारियों ने दोहराया कि उनकी प्रमुख मांगें आशाराम बापू को तत्काल समुचित चिकित्सा सुविधा, मोटेरा आश्रम की सुरक्षा, मामले की निष्पक्ष जांच और शीघ्र रिहाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *