पीएम स्वनिधि पुरस्कार 2026: महाराष्ट्र को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार, कर्ज वितरण में देश में पहला स्थान

डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने में मिला दूसरा स्थान, परभणी, परळी और छत्रपति संभाजीनगर की नगर निकायों ने भी हासिल की उपलब्धि

नई दिल्ली। पथविक्रेताओं को संस्थागत कर्ज सुविधा उपलब्ध कराने, आर्थिक समावेशन और डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहन देने में उल्लेखनीय कामगिरी के लिए महाराष्ट्र को ‘पीएम स्वनिधि सन्मान पुरस्कार 2026’ में पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महाराष्ट्र को कर्ज वितरण के मामले में देश में प्रथम और डिजिटल लेन-देन अपनाने में द्वितीय स्थान मिला। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के हाथों ये पुरस्कार प्रदान किए गए। स्थानीय निकायों की श्रेणी में भी महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन किया। 1 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में परभणी महानगरपालिका ने कर्ज वितरण में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, एक लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में परळी नगर परिषद प्रथम रही। जबकि 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पीएम स्वनिधि योजना के तहत पथविक्रेताओं को बिना गारंटी के कर्ज, डिजिटल भुगतान के लिए प्रोत्साहन, यूपीआई से जुड़े रुपे क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने और कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। योजना की अवधि मार्च 2030 तक बढ़ाई गई है। राज्य सरकार, नगर विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकायों और बैंकों के समन्वित प्रयासों से महाराष्ट्र ने यह उपलब्धि हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *