मुंबई में FDA का बड़ा एक्शन: चिकन सप्लायर से लेकर नेशनल स्पोर्ट्स क्लब तक 6 प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस निलंबित

बोरीवली, गोवंडी, लोअर परेल, प्रभादेवी और वर्ली में कार्रवाई, जांच में कॉकरोच, मक्खियां, गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी उजागर

मुंबई। मुंबई में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर बृहन्मुंबई विभाग के छह खाद्य प्रतिष्ठानों के FSSAI लाइसेंस और पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं। FDA की जांच में कहीं चिकन को सुरक्षित तापमान पर रखने की व्यवस्था नहीं मिली, तो कहीं खाद्य सामग्री के आसपास कॉकरोच और मक्खियां पाई गईं। कई प्रतिष्ठानों में गंदगी, खराब ड्रेनेज, कीट नियंत्रण की कमी और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में लापरवाही भी सामने आई। FDA की कार्रवाई में बोरीवली पूर्व स्थित मे. मराठा चिकन सप्लायर्स, गोवंडी स्थित मे. वेल्वेट फाइन चॉकलेट्स, शाने-इलाही बेकरी एंड स्टोर, लोअर परेल स्थित ब्रिटिश ब्रुइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (रेस्टोरेंट एंड बार), प्रभादेवी स्थित क्युअरफूड्स इंडिया लिमिटेड (Crusto’s – Cheese Burst Pizza By Olio) और वर्ली स्थित द नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया शामिल हैं। FDA के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को बोरीवली पूर्व के दत्तपाड़ा रोड स्थित मराठा चिकन सप्लायर्स का निरीक्षण किया गया था। जांच में प्रतिष्ठान को 62 में से केवल 19 अंक यानी 31 प्रतिशत मिले और निरीक्षण का परिणाम नॉन-कम्प्लायंस दर्ज किया गया। यहां चिकन को सुरक्षित तापमान पर रखने के लिए पर्याप्त चिलर और फ्रीजर की व्यवस्था नहीं थी। खाद्य सामग्री संभालने वाले स्थान पर मक्खियां मिलीं और कीट नियंत्रण के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। चिकन संभालने के उपकरणों की स्थिति खराब थी, परिसर में धूल, गंदगी और जाले पाए गए। कर्मचारियों के दस्ताने, मेडिकल जांच और टीकाकरण से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। इन कमियों के आधार पर 23 नवंबर को प्रतिष्ठान का FSSAI पंजीकरण निलंबित कर दिया गया। गोवंडी के शाह इंडस्ट्रियल एस्टेट स्थित वेल्वेट फाइन चॉकलेट्स में जांच के दौरान चॉकलेट उत्पादन क्षेत्र में कॉकरोच पाए गए। उत्पादन क्षेत्र के भीतर शौचालय होने, गंदे फ्रीजर, अस्वच्छ उपकरणों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में कमी जैसी अनियमितताएं सामने आईं। खाद्य पदार्थों के सीधे संपर्क में आने वाली प्लास्टिक पैकेजिंग के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र और कर्मचारियों के मेडिकल जांच एवं FoSTaC प्रशिक्षण के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। इसी तरह गोवंडी के कुरेशी मोहल्ला स्थित शाने-इलाही बेकरी एंड स्टोर (ब्रांड सुपर्ब) में पीने के पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट नहीं मिली। तैयार खाद्य पदार्थों की प्रयोगशाला जांच नहीं कराई गई थी। पैकेजिंग सामग्री के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र, कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड और प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं थे। उत्पादन क्षेत्र में धूल और गंदगी, खराब कचरा प्रबंधन तथा कीट नियंत्रण की अधूरी व्यवस्था भी पाई गई। लोअर परेल के मथुरादास मिल कंपाउंड स्थित ब्रिटिश ब्रुइंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (रेस्टोरेंट एंड बार) के निरीक्षण में आटे की बोरी में जीवित मक्खियां मिलीं, जबकि खाद्य कचरे से भरे ड्रेनेज के आसपास बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। फ्रिज में सब्जियां और अन्य खाद्य पदार्थ खुले एवं अव्यवस्थित तरीके से रखे गए थे। कुछ खाद्य पदार्थों पर एक्सपायरी डेट भी दर्ज नहीं थी। कर्मचारियों के इस्तेमाल किए हुए कपड़े खाद्य सामग्री के ऊपर रखे और लटकाए गए थे। रसोई में तेल की चिकनाई, गंदे एग्जॉस्ट, जंग लगे बर्तन, खराब फ्रिज और टूटी टाइल्स जैसी कमियां भी सामने आईं। इसके चलते 21 नवंबर को ही इस प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। प्रभादेवी के मॉडर्न मिल कंपाउंड स्थित क्युअरफूड्स इंडिया लिमिटेड के Crusto’s – Cheese Burst Pizza By Olio में खाद्य कचरा जमा मिला। वॉश बेसिन के पास पानी जमा था और ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब थी। खिड़कियों पर कीटरोधी जालियां नहीं थीं और कीट नियंत्रण के रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं थे। कच्चे एवं पके हुए तथा शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, प्रयोगशाला परीक्षण, रेफ्रिजरेशन तापमान और पैकेजिंग प्रमाणपत्र भी उपलब्ध नहीं मिले। इन कमियों के आधार पर 23 नवंबर को लाइसेंस निलंबित किया गया। वर्ली स्थित लाला लाजपतराय मार्ग पर द नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया के खाद्य प्रतिष्ठान में भी FDA को गंभीर अनियमितताएं मिलीं। मुख्य रसोई में मक्खियां और वॉश बेसिन के आसपास कॉकरोच पाए गए। खाद्य कचरा जमा था और कूड़ेदान खुले रखे गए थे। कच्चे माल तथा तैयार भोजन को निर्धारित तापमान पर रखने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। भंडारण डिब्बों पर लेबल नहीं लगे थे। दीवारों और छत से पपड़ी तथा कण गिर रहे थे, जबकि फर्श और एग्जॉस्ट फैन भी गंदे पाए गए। कर्मचारियों के टीकाकरण, दस्तानों के इस्तेमाल और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण से संबंधित कमियां भी सामने आईं। इसके बाद 23 नवंबर को क्लब के खाद्य लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। FDA की यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस और पंजीकरण संबंधी नियमों के तहत की गई है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी जांच और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन अनिवार्य है। इन छह प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई ने मुंबई के खाद्य कारोबार में स्वच्छता और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *