पीएम मोदी ने वाराणसी में 150 करोड़ की अरविंद लिमिटेड की औद्योगिक इकाई का किया लोकार्पण, हजारों को मिलेगा रोजगार

वाराणसी, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अहमदाबाद की कपड़ा निर्माता कंपनी अरविंद लिमिटेड की नई औद्योगिक इकाई का लोकार्पण किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात से आठ एकड़ में स्थापित इस इकाई से स्थानीय लोगों के साथ पूर्वांचल के हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इकाई में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती हो चुकी है और उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
खेल परिधान और अंतर्वस्त्रों का होगा उत्पादन
पूर्वांचल में अरविंद मिल्स का यह पहला बड़ा विनिर्माण संयंत्र है। यहां खेल परिधान, अंतर्वस्त्र और अन्य वस्त्रों का उत्पादन किया जाएगा। संयंत्र में जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के उत्पाद बनाए जाएंगे। इस इकाई से क्षेत्र में कपड़ा एवं परिधान निर्माण के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
महिलाओं को रोजगार और प्रशिक्षण में प्राथमिकता
औद्योगिक इकाई में स्थानीय महिलाओं को रोजगार देने पर विशेष जोर दिया गया है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है और उन्हें काम से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकार्पण के बाद ‘अपना हुनर अपनी पहचान’ पहल के तहत कामगार महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं से उनके काम, प्रशिक्षण और कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।

कपड़ों की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
प्रधानमंत्री ने इकाई के पदाधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया और कपड़ों की जानकारी ली। उन्होंने अरविंद लिमिटेड की ओर से तैयार किए गए कपड़ों और खादी सामग्री की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। कंपनी धागे और कपड़े से लेकर तैयार वस्त्रों तक के निर्माण से जुड़ी है। इसके अलावा यह औद्योगिक उपयोग के लिए विशेष प्रकार के वस्त्र भी बनाती है।
1931 में हुई थी कंपनी की शुरुआत
अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी। कंपनी का मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। यह डेनिम, सूती, लिनेन, सादे कपड़े और सूट के लिए फैब्रिक सहित विभिन्न प्रकार के वस्त्रों का उत्पादन करती है। कंपनी का कारोबार कपड़ा निर्माण से लेकर तैयार परिधानों तक फैला हुआ है।
दो और चरणों में होगा विस्तार
इस औद्योगिक संयंत्र के दो और चरणों का निर्माण प्रस्तावित है। इनके पूरा होने के बाद उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ क्षेत्र में हजारों अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इस परियोजना को पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
