दशहरा मेला देखने गई बीए की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म: आयुष और साहिल हिरासत में, तीसरे युवक की तलाश

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। काकोरी के मौंदा गांव में दशहरा मेला देखने गई बीए प्रथम वर्ष की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पूर्व परिचित आयुष पाल और उसके दोस्त पर वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में एक अन्य युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक, छात्रा 20 अक्तूबर को परिजनों के साथ मौंदा गांव में दशहरा मेला देखने गई थी। वहां उसकी मुलाकात पतौरा गांव निवासी पूर्व परिचित आयुष पाल से हुई। आरोप है कि आयुष चाय पिलाने के बहाने छात्रा को बाइक से अपने साथ ले गया। कुछ दूर जाने पर उसका दोस्त भी बाइक पर बैठ गया। इसके बाद दोनों छात्रा को एक बाग में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई की और धमकाया। घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा किसी तरह घर पहुंची। डर के कारण उसने परिजनों को वारदात के बारे में नहीं बताया। तीन दिन बाद पेट में दर्द होने पर उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन शिकायत लेकर सरोजनीनगर थाने पहुंचे। वहां से उन्हें घटना काकोरी क्षेत्र की होने की जानकारी देकर काकोरी थाने भेज दिया गया। इसके बाद पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की।
तीसरे युवक की भूमिका की जांच
एसीपी काकोरी शकील अहमद के अनुसार, मामले में पतौरा गांव निवासी आयुष पाल और कनक सिटी निवासी साहिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छात्रा ने अपने बयान में बताया है कि कथित वारदात के बाद आरोपियों का एक अन्य साथी भी मौके पर पहुंचा था। पुलिस इस युवक की भूमिका की जांच कर रही है। एसीपी के मुताबिक, छात्रा का मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान में तीसरे युवक की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी आरोपी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *