दृष्टिकोण: योजनाएं जनहित की, लाभ भ्रष्टाचारियों को

डॉ. सुधाकर आशावादी
केंद्र सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं में शायद ही कोई ऐसी योजना हो, जो भ्रष्टाचार से मुक्त हो। मुफ्त राशन योजना के संदर्भ में केंद्रीय खाद्य मंत्रालय द्वारा किए गए एक सर्वे में यह तथ्य उजागर हुआ है कि मुफ्त राशन योजना का लाभ लेने वालों में तेरह प्रतिशत से अधिक अपात्र इस योजना का लाभ ले रहे हैं। खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग की ओर से कराए गए सर्वे में स्पष्ट हुआ है कि मुफ्त राशन लेने वाले अपात्रों की संख्या पश्चिमी बंगाल, त्रिपुरा व तमिलनाडु में चालीस प्रतिशत है, यानी कि प्रत्येक दस में से चार परिवार अपात्र होते हुए भी मुफ्त राशन योजना का लाभ ले रहे हैं। वस्तुस्थिति यह है कि जनहित में केंद्र या राज्य सरकार किसी भी लाभकारी योजना की शुरुआत करती है, तो भ्रष्टाचारी उसी योजना में अपना हित खोज ही लेते हैं तथा कागजी खानापूरी करके योजना में सेंध लगाने से बाज नहीं आते, जिससे योजना के औचित्य पर ही प्रश्न खड़े हो जाते हैं। हर योजना भ्रष्टाचारियों और अफसरशाही के घालमेल में अपने उद्देश्यों को पूरा करने में असफल हो जाती है। मुफ्त राशन योजना प्रतीक मात्र है। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर चाहे कितने ही पहरे लगा लीजिए, भ्रष्टाचार के चंगुल से इनके मुक्त रहने की संभावना बहुत कम रहती है। देश में बहुत से परिवार ऐसे हैं, जिनका पालन-पोषण केवल सरकारी योजनाओं के आधार पर ही हो रहा है। दुर्बल आय वर्ग के नाम पर कागजों और व्यवहारिकता में जमीन-आसमान का अंतर है। दुर्बल आय वर्ग के नाम पर आवंटित आवासों का सर्वे करने से यह स्पष्ट हो सकता है कि किस प्रकार इस योजना का लाभ अपात्र उठा रहे हैं। कौन नहीं जानता कि मुफ्त आवास योजना हो या मुफ्त राशन योजना, इसका लाभ उठाने वाले लोग किस प्रकार सरकार पर बोझ बने हुए हैं। मुफ्त आवास व मुफ्त राशन योजनाएं देश की एक बड़ी आबादी को नाकारा बना रही हैं। परिवार के सदस्यों की संख्या पर राशन आवंटित होने से जनसंख्या नियंत्रण के प्रति ऐसे लोग कितने गंभीर हैं, इसका आंकड़ा भी वास्तविक सर्वे से स्पष्ट हो सकता है। सो मुफ्त राशन योजना सहित अन्य सभी मुफ्तखोरी की योजनाओं की समय-समय पर समीक्षा अपेक्षित है, ताकि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर सरकार को अपनी आय का बड़ा भाग देने वाले आम करदाताओं के धन का दुरुपयोग न हो सके।
