महाराष्ट्र में औषधि निर्माण अधिकारियों की लंबित मांगों पर सरकार गंभीर, प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश
राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, पदोन्नति के अवसर, सेवा प्रवेश नियम और अस्पतालों में दवा भंडारण एवं वितरण व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

मुंबई। महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में औषधि निर्माण अधिकारी संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर सरकार सकारात्मक है। इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जाए। यह निर्देश सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने दिए। बुधवार को राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर की अध्यक्षता में निर्मल भवन में औषधि निर्माण अधिकारी संवर्ग की लंबित मांगों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की उपसचिव डॉ. उर्मिला जोशी, सहसंचालक डॉ. संदीप सांगले, शासकीय औषध निर्माता गुट-क कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष अजित गायकवाड और महासचिव गुणवंत भारूळे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पदोन्नति और सेवा प्रवेश नियमों पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
बैठक में राज्यमंत्री ने कहा कि औषधि निर्माण अधिकारी संवर्ग के कर्मचारियों को पदोन्नति के अवसर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रस्तुत किया जाए। वरिष्ठ औषधि निर्माण अधिकारी पद के सेवा प्रवेश नियमों से संबंधित प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने ग्रामीण अस्पतालों में दवाओं के भंडारण और वितरण कक्षों को अधिक सक्षम बनाने के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इन कक्षों का आधुनिक तरीके से निर्माण और सुदृढ़ीकरण करने के लिए योजनाबद्ध कार्रवाई की जाए। राज्यमंत्री ने अस्पतालों में एक्सपायर हो चुकी अथवा उपयोग के अयोग्य दवाओं को रिकॉर्ड से हटाने (निर्लेखन) के संबंध में प्रस्ताव जल्द तैयार कर आवश्यक आदेश जारी करने के निर्देश दिए।
