राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन से मराठवाड़ा को बड़ी क्षति: मेघना साकोरे-बोर्डीकर

मुंबई। राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते के निधन पर महाराष्ट्र की ऊर्जा राज्यमंत्री मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वडकुते का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। एक सामान्य परिवार से निकलकर अपने संघर्ष और कर्तृत्व के बल पर देश के सर्वोच्च सदन तक पहुंचने वाले नेतृत्व का जाना राजनीतिक, सामाजिक और बहुजन समाज के आंदोलन के लिए बड़ी क्षति है। राज्यमंत्री ने कहा कि रामराव वडकुते ने सहकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए उन्होंने हमेशा आम लोगों के मुद्दों को प्राथमिकता दी। विधान परिषद सदस्य और राज्यसभा सांसद के रूप में उन्होंने जनहित से जुड़े प्रश्नों को सदन में उठाने का प्रयास किया। विशेष रूप से धनगर समाज और बहुजन समाज की समस्याओं को लेकर वे लगातार आवाज उठाते रहे। मराठवाड़ा के विकास के लिए शिक्षा, पानी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी उनका विशेष जोर रहता था। मेघना साकोरे-बोर्डीकर ने कहा कि बेहद सामान्य परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए उन्होंने जो उपलब्धियां हासिल कीं, वे अनेक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक हैं। पार्टी के प्रति निष्ठा, जनता से जुड़ाव और कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संबंध उनके व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं थीं। उनके निधन से हिंगोली, परभणी सहित पूरे मराठवाड़ा के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है। राज्यमंत्री ने दिवंगत रामराव वडकुते की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार, रिश्तेदारों तथा उनके समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *