महाराष्ट्र की 3,832 आंगनवाड़ियां बनेंगी स्मार्ट, आधुनिक सुविधाओं से होंगी लैस: मंत्री आदिती तटकरे

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की 3,832 आंगनवाड़ी केंद्रों को ‘स्मार्ट आंगनवाड़ी’ के रूप में विकसित करने की मंजूरी दी है। महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत आंगनवाड़ियों में आधुनिक शैक्षणिक सामग्री और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, आनंददायी और गुणवत्तापूर्ण वातावरण में पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और पूर्व प्राथमिक शिक्षा की सुविधा देना है। वर्तमान में आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ गर्भवती महिलाओं तथा स्तनपान कराने वाली माताओं को भी पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं दी जाती हैं। सरकार ने स्मार्ट आंगनवाड़ी योजना के लिए उन केंद्रों का चयन किया है, जो सरकारी जमीन पर स्थित हैं और जहां बिजली कनेक्शन उपलब्ध है। योजना के तहत प्रत्येक चयनित केंद्र को स्मार्ट आंगनवाड़ी किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें ई-लर्निंग के लिए आवश्यक हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर, स्वच्छ भारत किट, वॉटर प्यूरीफायर, हाथ धोने के लिए बेसिन, भवन की रंगाई-पुताई, जरूरी छोटी-मोटी मरम्मत, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और रसोईघर का आधुनिकीकरण शामिल है। मंत्री आदिती तटकरे ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट आंगनवाड़ियों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए अधिक बेहतर एवं आधुनिक सुविधाओं वाला वातावरण तैयार किया जा सके।
