नवरात्र के पांचवें दिन बांगरमऊ के देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, स्कंदमाता की हुई पूजा-अर्चना

ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र में ब्रह्मभोज का आयोजन, बीके सरला बहन ने बताया स्कंदमाता की आराधना का महत्व

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को नगर के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के पंचम स्वरूप स्कंदमाता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भक्तों ने माता को फल, फूल और चुनरी अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, नगर के ब्लॉक रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग केंद्र में स्कंदमाता के स्वरूप और गुणों पर प्रकाश डालते हुए ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया। नगर के मोहल्ला न्यू कटरा स्थित माता दुर्गा मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन जारी है। इसके अलावा मोहल्ला शुक्लाना स्थित मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर, लखनऊ मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के निकट स्थित बाला देवी मंदिर, नगर के पश्चिम में स्थित शीतला देवी मंदिर तथा नौनिहालगंज बाजार स्थित भुवनेश्वरी देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने स्कंदमाता की आराधना की। इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के राजयोग केंद्र में आयोजित आध्यात्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने स्कंदमाता के स्वरूप, गुणों और धार्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए। राजयोग केंद्र की संचालिका बीके सरला बहन ने बताया कि स्कंदमाता का शाब्दिक अर्थ भगवान स्कंद अर्थात कार्तिकेय की माता पार्वती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार स्कंदमाता देवताओं के सेनापति कार्तिकेय की माता हैं। वे कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं, इसलिए उन्हें पद्मासना देवी भी कहा जाता है। बीके सरला बहन ने कहा कि स्कंदमाता मातृत्व की कोमलता, ममता और अपराजेय शक्ति की प्रतीक मानी जाती हैं। मान्यता है कि उनकी आराधना करने से भक्तों को सुख, ऐश्वर्य और ज्ञान की प्राप्ति होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं को माता के गुणों से प्रेरणा लेकर जीवन में पवित्रता, प्रेम और सकारात्मक विचार अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और राजयोग केंद्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर महेश फौजी, शिवपाल यादव, विनोद गुप्ता, रामकुमार रमाशंकर, सर्वेश पाल, अर्चना मिश्रा, शशि गुप्ता, सावित्री सिंह, अरुणा सिंह, कमला गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं जिज्ञासु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *