
झांसी, उत्तर प्रदेश। शासन के निर्देशानुसार नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर झांसी में ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियों को लेकर बुधवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने ब्लैक आउट मॉकड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए उपस्थित अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 23 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे से 6 बजकर 10 मिनट तक पुलिस लाइन झांसी में ब्लैक आउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान पुलिस लाइन झांसी के आसपास के क्षेत्र में स्थित सभी औद्योगिक प्रतिष्ठान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, चौराहे, सड़कें, घर और वाहन आदि की सभी प्रकार की लाइटें पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके साथ ही वाहनों और आम जनमानस की आवाजाही भी पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने पुलिस लाइन के आसपास निवास करने वाले सभी नागरिकों से अपील की कि वे ब्लैक आउट मॉकड्रिल को सफल बनाने के लिए प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें और निर्धारित समय के दौरान सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद कुमार, सहायक नगर आयुक्त, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत (वर्कशॉप), जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, डॉ. नीलम सिंह (प्रोफेसर, बुंदेलखंड महाविद्यालय), बीओ होमगार्ड्स, जिला आपदा विशेषज्ञ, सहायक उपनियंत्रक (व.वे.) नागरिक सुरक्षा, चीफ वार्डेन नागरिक सुरक्षा सहित अन्य वार्डेन और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




