कारोबारी शिवा शर्मा की मौत मामले में मॉडल श्रद्धा शर्मा समेत तीन के खिलाफ गैर जमानती वारंट की तैयारी

पुलिस ने कोर्ट में दी अर्जी, नेपाल के दांग जिले तक मिली श्रद्धा की लोकेशन

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। हजरतगंज के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने मॉडल श्रद्धा शर्मा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर आदिल उर्फ दानिश के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कराने के लिए अदालत में अर्जी दी है। पुलिस का दावा है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य जुटाए जा चुके हैं और जल्द वारंट जारी हो सकता है। जांच एजेंसियों को श्रद्धा की आखिरी लोकेशन नेपाल के दांग जिले के भालुवांग इलाके में मिली है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन रश्मि और दो युवकों के साथ नेपालगंज से आगे बढ़ते हुए भालुवांग तक पहुंची थी। गुरुवार को यह लोकेशन मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां नेपाल पुलिस के संपर्क में रहकर उसकी गतिविधियों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। हालांकि भालुवांग के बाद श्रद्धा और उसके साथ मौजूद लोगों की लोकेशन स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न संभावित रास्तों और सीमावर्ती क्षेत्रों की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि श्रद्धा से जुड़ी एक गाड़ी 18 अक्टूबर 2025 को बहराइच पहुंची थी। नानपारा के पास चीनी मिल के निकट स्थित टोल प्लाजा पर वाहन का टोल टैक्स कटने का रिकॉर्ड मिला है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के अनुसार, स्थानीय पुलिस लखनऊ पुलिस की जांच टीम को सहयोग कर रही है और मामले से जुड़े हर बिंदु की पड़ताल की जा रही है। इस बीच श्रद्धा द्वारा कथित तौर पर बनाया गया शिवा का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में श्रद्धा, शिवा पर ज्वैलरी चोरी करने का आरोप लगाती दिखाई देती है।
वीडियो में शिवा कथित तौर पर तीन सोने की चेन और एक ब्रेसलेट बेचने की बात स्वीकार करते हुए करीब छह लाख रुपये की रकम एक महीने में लौटाने की बात कह रहा है। वह अपनी कार गिरवी रखने की पेशकश भी करता सुनाई देता है। पुलिस ने इस वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया है और इसकी प्रामाणिकता तथा पूरे घटनाक्रम से उसके संबंध की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही शिवा शर्मा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *