बांगरमऊ में जिला सहकारी बैंक के नए भवन का उद्घाटन, मंत्री जेपीएस राठौर बोले- सहकारिता से बनेंगे आत्मनिर्भर गांव
किसानों को बेहतर बैंकिंग और ऋण सुविधाएं देने पर जोर; लाभार्थियों को बांटे ऋण के चेक, विकास कार्यों का भी किया लोकार्पण

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने शनिवार को जिला सहकारी बैंक की स्थानीय शाखा के नवीन भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने सहकारिता क्षेत्र की योजनाओं और किसानों के लिए बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और इनके माध्यम से किसानों को बेहतर बैंकिंग एवं ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सभा को संबोधित करते हुए राठौर ने कहा कि सहकारिता केवल सरकारी योजनाओं को लागू करने का माध्यम नहीं, बल्कि गांव, किसान, युवा और आम आदमी को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का प्रभावी रास्ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में सहकारिता व्यवस्था ऐसे लोगों के हाथों में चली गई थी, जिनका उद्देश्य व्यवस्था का दोहन करना था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता क्षेत्र को पारदर्शी, जवाबदेह और आधुनिक स्वरूप देने का काम किया जा रहा है। सहकारिता मंत्री ने बेरोजगारी को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि सहकारिता का विस्तार रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है। गांव-गांव सहकारी समितियां मजबूत होने से किसानों को उत्पादन के साथ भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह के केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद इस क्षेत्र को नई दिशा और नए आयाम मिले हैं। राठौर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर गांव और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है। कार्यक्रम में विधायक श्रीकांत कटियार ने कहा कि सहकारिता व्यवस्था मजबूत होने का सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद उपलब्ध कराए जाने से उन्हें सुविधा मिली है। उन्होंने कहा, “किसान सशक्त तो भारत सशक्त।” सभा को विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, क्षेत्रीय महामंत्री अवधेश कटियार, जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी और भाजयुमो जिलाध्यक्ष बाला राव गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण के चेक वितरित किए। अमित यादव, आनंद कुमार और जगजीवन सहित अन्य लाभार्थियों को चेक सौंपते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों और जरूरतमंदों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस मौके पर राठौर ने क्षेत्र में प्रस्तावित एवं पूर्ण किए गए विभिन्न विकास कार्यों के शिलापट्टों का अनावरण कर उनका उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में विकास गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन लाल दिवाकर, विवेक पटेल, मनोज निषाद, धर्मेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, मिथिलेश जायसवाल, हाजी सलीम कुरैशी, गिरीश वर्मा, रईस खान पप्पू, रत्नाकर सिंह, मोहम्मद कामिल कुरैशी, रविंद्र कुमार, सभासद विमल शुक्ला, सभासद अवधेश तूफानी, पप्पू गुप्ता और सुरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
