उत्तर प्रदेशउन्नावलखनऊ मंडल

उन्नाव पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अब्दुल हन्नान, कार्यकर्ताओं से बोले- बूथ मजबूत कर चुनाव की तैयारी में जुटें

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अवध जोन प्रभारी अब्दुल हन्नान का नियुक्ति के बाद पहली बार उन्नाव आगमन हुआ। जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा की अध्यक्षता में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अब्दुल हन्नान ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनसरोकारों और संघर्षों से जुड़ा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से जनता परेशान है और ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ें। संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए हन्नान ने कहा कि किसी भी चुनाव में जीत की असली ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने तथा गांव, वार्ड और प्रत्येक बूथ तक पार्टी का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों को सक्रिय होकर जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने को कहा। हन्नान ने कहा कि आने वाले चुनाव कांग्रेस के लिए चुनौती के साथ बड़ा अवसर भी हैं और पार्टी अभी से चुनावी तैयारियों में जुट रही है। राष्ट्रीय सचिव के साथ पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सोहेल अंसारी, प्रदेश उपाध्यक्ष अरशद खुर्शीद, अल्पसंख्यक विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर शमीम खान और सचिन रावत ने भी बैठक को संबोधित किया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि उन्नाव जिला कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता आगामी चुनावों के लिए पूरी निष्ठा से तैयार है। उन्होंने कहा कि अब्दुल हन्नान को अवध जोन की जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र में पार्टी संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।बैठक में जिला उपाध्यक्ष हनुमंत सिंह, चंद्र प्रकाश शुक्ला, कमल तिवारी, जंग बहादुर सिंह, सैयद सागर हुसैन, राज नारायण प्रजापति, आरती बाजपेई, सूरज रावत, शिवम अवस्थी, युसुफ फारुकी, ऋषि बाजपाई और जय बिंद सिंह सहित जिले के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व प्रत्याशी, पूर्व जिलाध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *