वागले एस्टेट में नवरात्र की धूम! बाबा विश्वनाथ मंदिर में जुटा जनसैलाब, महाभंडारे में उमड़ा आस्था का सैलाब

ठाणे/मुंबई (इंद्र यादव)। नवरात्र के पावन और शुभ अवसर पर ठाणे के वागले एस्टेट स्थित प्रसिद्ध बाबा विश्वनाथ मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर समिति द्वारा इस महापर्व पर एक विशाल और भव्य महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा महाप्रसाद ग्रहण किया। भंडारे की तैयारी का दृश्य अपने आप में बहुत ही सुंदर और प्रेरणादायक था। मंदिर परिसर में स्थानीय महिलाओं और माताओं-बहनों ने बढ़-चढ़कर अपना योगदान दिया। कोई आटा गूंध रही थी तो कोई बड़े ही प्रेम से पूरियां बेल रही थी। हर तरफ “जय माता दी” के जयकारे गूंज रहे थे और माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना हुआ था। भंडारे के समय मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने पंगत (लाइन) में बैठकर बेहद अनुशासित और श्रद्धा भाव से छोले-पूरी और खीर का स्वादिष्ट महाप्रसाद ग्रहण किया। समिति के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने दिन-रात एक करके सभी भक्तों को प्रेमपूर्वक महाप्रसाद परोसा।
इस सफल और भव्य आयोजन के पीछे मंदिर समिति के पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं की दिन-रात की कड़ी मेहनत और बेहतरीन व्यवस्था रही:
अध्यक्ष: श्री विनोद यादव
संचालक: श्री लल्लन यादव
कोषाध्यक्ष: श्री राजेश यादव
उपाध्यक्ष: श्री अशोक यादव
मंदिर अध्यक्ष श्री विनोद यादव और संचालक श्री लल्लन यादव ने बताया कि नवरात्र के इस पवित्र अवसर पर भंडारे का मुख्य उद्देश्य केवल भोजन कराना नहीं, बल्कि समाज में एकजुटता, सेवा भावना और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और क्षेत्र के श्रद्धालुओं का दिल से धन्यवाद किया।
