
मुंबई। मुंबई उपनगर जिला पशु क्रूरता निवारण समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक वांद्रे स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में उपजिल्हाधिकारी (सामान्य प्रशासन) एवं समिति अध्यक्ष सुभाष काकडे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। गुरुवार को बैठक में पशु आश्रय (एनिमल शेल्टर) निर्माण के लिए उपयुक्त जमीन की पहचान को लेकर सभी संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर जल्द से जल्द विस्तृत और समग्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पशुसंवर्धन विभाग, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग और देवनार पशुवधगृह के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के कार्यवृत्त को सर्वसम्मति से मंजूरी देने के साथ हुई, जिसके बाद मुख्य रूप से पशु आश्रय निर्माण के लिए जमीन चयन के मुद्दे पर चर्चा की गई। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार भटकते पशुओं के लिए आश्रय निर्माण हेतु पहले से गठित मार्गदर्शक समिति द्वारा संभावित स्थलों का अध्ययन किया जा रहा है। इसी क्रम में मालाड के मालवणी क्षेत्र की जमीन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, वहीं चेंबूर (पूर्व) और मुलुंड (पूर्व) के वैकल्पिक स्थलों पर भी विचार किया गया। इस पर अध्यक्ष काकडे ने बोरीवली तहसीलदार के साथ समन्वय स्थापित कर मुंबई उपनगर क्षेत्र में उपयुक्त खाली जमीन की पहचान करने और उसका संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में आगामी बकरी ईद के मद्देनज़र पशुओं के सुरक्षित परिवहन, पशुवधगृह की वैधता और पशुओं की स्वास्थ्य जांच जैसी व्यवस्थाओं की सख्ती से निगरानी करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा पशु कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्यान्वयन पर जोर दिया गया।




