
मुंबई। मुंबई के खार पूर्व, जवाहर नगर, आदर्श लेन से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। होली के दिन एक सिलाई कारखाने में काम करने वाले दरिंदे ने मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। जिसकी पुष्टि निर्मल नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रमेश वाघ ने की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान बबन उर्फ बब्बु चौहान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे २० मार्च २०२५ तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक खाडे कर रहे हैं।
शिवसेना नेता जसवीर कौर भामरा का बयान
शिवसेना नेता जसवीर कौर भामरा ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि स्लम इलाके में चल रहे अवैध कारखाने में इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि इन कारखानों में काम करने वाले लोग पश्चिम बंगाल से आए हैं या बांग्लादेशी हैं? इसकी जांच कौन करेगा? उन्होंने प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते अवैध रूप से चल रहे कारखानों पर कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते यह घटना घटी। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से अवैध कारखानों पर तत्काल कार्रवाई करने और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
खार पूर्व में होली के दिन दूसरा विवाद
वहीं, खार पूर्व में होली के दिन एक दूसरी घटना की चर्चा जोरों पर है। बताया जा रहा है कि रेलवे कॉलोनी के पास असामाजिक तत्वों ने जमकर हंगामा किया। इसको लेकर भी स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।