Wednesday, February 18, 2026
Google search engine
HomeHealth & Fitnessमहाराष्ट्र के हर जिले में शुरू हुए मेनोपॉज क्लिनिक, महिलाओं को मिलेगी...

महाराष्ट्र के हर जिले में शुरू हुए मेनोपॉज क्लिनिक, महिलाओं को मिलेगी निरंतर स्वास्थ्य सेवा

मुंबई। देश के पहले रजोनिवृत्ति (मेनोपॉज) क्लिनिक महाराष्ट्र के प्रत्येक जिले में शुरू किए गए हैं और इन क्लिनिकों के माध्यम से महिलाओं को निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच करने के निर्देश स्वास्थ्य राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर-साकोरे ने दिए। बुधवार को मुंबई में राज्यमंत्री मेघना बोर्डीकर-साकोरे की अध्यक्षता में मेनोपॉज क्लिनिक की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य संचालक डॉ. नितीन अंबाडेकर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। राज्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए राज्य में मेनोपॉज क्लिनिक पहल की प्रभावी शुरुआत की गई है। 14 जनवरी 2026 को शुरू किए गए इस उपक्रम को कम समय में ही राज्यभर से सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। इस योजना के तहत राज्य के सभी जिला अस्पतालों, उपजिला अस्पतालों, महानगरपालिका अस्पतालों तथा चयनित ग्रामीण अस्पतालों में मेनोपॉज क्लिनिक शुरू किए गए हैं। प्रत्येक बुधवार को रजोनिवृत्ति बाह्य रोगी सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। 14 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक राज्यभर में कुल 580 स्थानों पर मेनोपॉज क्लिनिक कार्यरत हैं और लगभग 31,288 महिलाओं ने इन सेवाओं का लाभ लिया है। इनमें से 30,034 महिलाओं का उपचार किया गया, जबकि 82 मामलों को आगे की जांच के लिए सिफारिश समिति के पास भेजा गया है। क्लिनिकों के प्रभावी संचालन के लिए राज्यमंत्री ने अलग से मानव संसाधन, दवाओं की उपलब्धता, स्वतंत्र कक्ष तथा गोपनीयता और सुविधाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत पैनल डॉक्टरों और स्वयंसेवी विशेषज्ञों की मदद से क्लिनिकों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि भविष्य में उपचार और सहायता आसान हो, इसके लिए अलग रिकॉर्ड और लाइन लिस्ट तैयार करने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही मेनोपॉज क्लिनिक से जुड़ी जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments