उन्नाव में वृहद रोजगार मेला, 580 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट

20 से अधिक कंपनियों ने दिए 2,000 से ज्यादा रोजगार अवसर,
चयनित युवाओं को मंच से मिले ऑफर लेटर

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से गुरुवार को डीएसएन (पीजी) कॉलेज में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में एक हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 580 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट एवं प्राथमिक रूप से चयनित किया गया। रोजगार मेले में 20 से अधिक कंपनियों और संस्थानों ने हिस्सा लिया तथा युवाओं को दो हजार से अधिक रोजगार अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक प्रतिनिधि प्रखर गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं तक रोजगार के अवसर पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने युवाओं से अपनी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा ने रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। मेले में भारतीय वायुसेना कानपुर चकेरी एयरमैन सिलेक्शन टीम, एलआईसी, काउंसिल फॉर लेदर एक्सपोर्ट्स, जी4एस सिक्योर सॉल्यूशंस और एल एंड टी कंस्ट्रक्शन स्किल्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट समेत कई कंपनियों ने भाग लिया। सिक्योरिटी गार्ड, इलेक्ट्रिशियन, सुपरवाइजर, सेल्स एवं मार्केटिंग, फील्ड ऑफिसर, स्कैफोल्डर और वैन डिलीवरी एग्जीक्यूटिव सहित विभिन्न पदों पर अवसर उपलब्ध कराए गए। इस दौरान अग्निवीर योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना और अभ्युदय योजना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। चयनित अभ्यर्थियों दीपक कुमार, आकाश, प्रभाकर गुप्ता, शोभित, मनीष और हर्षित को मंच से ऑफर लेटर प्रदान किए गए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना भी है। कार्यक्रम का संचालन अनुपम सिंह ने किया। आयोजन में करियर काउंसलिंग सेल के समन्वयक डॉ. अनिल साहू सहित कॉलेज और सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारियों ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *