गणेशोत्सव के बीच महापौर रितु तावड़े ने घाटकोपर मेट्रो स्टेशन का लिया जायजा
यात्रियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं और सुविधाएं; भीड़ नियंत्रण, किराया, यात्री संख्या और भविष्य में मेट्रो कोच बढ़ाने की योजना पर अधिकारियों से की चर्चा

मुंबई। श्रीगणेशोत्सव के दौरान मुंबई में नियमित यात्रियों के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को घाटकोपर मेट्रो स्टेशन का दौरा कर यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी जाने।महापौर ने कहा कि त्योहारों के दौरान मुंबईकरों और बाहर से आने वाले लोगों का सफर सुगम, सुरक्षित और तेज बनाए रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने घाटकोपर मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान तावड़े ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका के सहयोग से घाटकोपर मेट्रो स्टेशन परिसर में उपलब्ध कराई जा रही नागरिक सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से मेट्रो की रोजमर्रा की सेवाओं और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियों के बारे में भी बातचीत की।यात्रियों से मिले सुझावों और शिकायतों के बाद महापौर ने संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए। महापौर ने मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तकनीकी और प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। इसमें गणेशोत्सव तथा सामान्य दिनों के पीक आवर्स में भीड़ नियंत्रण, मेट्रो संचालन एवं नियोजन, प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या और मौजूदा टिकट दरों सहित कई विषय शामिल रहे।बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए भविष्य में मेट्रो ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाने की संभावनाओं और इससे संबंधित योजनाओं की जानकारी भी महापौर ने अधिकारियों से ली। इसके अलावा मेट्रो के राजस्व के विभिन्न स्रोतों और राजस्व में टिकाऊ वृद्धि के लिए किए जा रहे नियोजन पर भी चर्चा हुई। महापौर तावड़े ने मेट्रो प्रशासन और बीएमसी के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महानगरपालिका की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। इस दौरान मेट्रो के बिजनेस हेड अजय कुमार, उपमहाप्रबंधक मयंक रावत, वरिष्ठ प्रबंधक अल्पेश नागदा सहित मेट्रो के तकनीकी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बीएमसी के ‘एन’ विभाग के सहायक आयुक्त जयदीप मोरे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवींद्र हांगे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे।
