
मुंबई। राजावाड़ी अस्पताल के पुनर्विकास कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए मुंबई की महापौर रितू तावडे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पहले चरण के तहत नई इमारत का निर्माण कार्य हर हाल में अगले सप्ताह से शुरू किया जाए। घाटकोपर (पूर्व) स्थित सेठ वी.सी. गांधी और एम. ए. व्होरा महानगरपालिका सामान्य अस्पताल, जिसे राजावाड़ी अस्पताल के नाम से जाना जाता है, वहां मरीजों का भार काफी अधिक है। ऐसे में पुनर्विकास कार्य में देरी को गंभीर मानते हुए महापौर ने लंबित अनुमतियों को युद्ध स्तर पर प्राप्त करने के निर्देश दिए। महापौर रितू तावडे ने 2 अप्रैल 2026 को प्रोजेक्ट साइट का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नगरसेवक धर्मेश गिरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भारती राजूलवाला, उप प्रमुख अभियंता मनोज राणे और सहायक आयुक्त मारुती पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के अनुसार, पहले चरण में लगभग 600 बेड क्षमता वाली अत्याधुनिक इमारत का निर्माण किया जाएगा। यह इमारत बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और 10 मंजिलों की होगी, जिसका कुल निर्माण क्षेत्र करीब 33,179 वर्ग मीटर रहेगा। दिसंबर 2025 में भूमिपूजन के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू न होने पर महापौर ने नाराजगी जताई। महापौर ने सख्त शब्दों में कहा कि आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करना ठेकेदार की जिम्मेदारी है और इसके कारण काम में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही, निर्माण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को धूल, शोर या अन्य किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि परियोजना की हर प्रगति की जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी जाए और बृहन्मुंबई महानगरपालिका मुख्यालय में इस परियोजना पर विस्तृत प्रस्तुति भी दी जाए।




