शिकोहाबाद की टायर फैक्टरी में भीषण आग, आसमान में छाया काले धुएं का गुबार

शिकोहाबाद, उत्तर प्रदेश। शिकोहाबाद के नौशहरा क्षेत्र के उरमुरा किरार स्थित एसएमवीडी टायर फैक्टरी में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी से ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। घटना रविवार दोपहर करीब ढाई बजे की बताई गई है। फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राजेश शुक्ला, सीओ जयविन्द गुप्ता और इंस्पेक्टर अनुज राणा समेत अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग से फैक्टरी में कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी अभी बाकी है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
