गर्लफ्रेंड के उकसाने पर पत्नी पर कार चढ़ाने की कोशिश, बोनट पर लटकाकर 100 मीटर तक दौड़ाया

मेरठ के लोहियानगर में सनसनीखेज घटना, पति और महिला मित्र हिरासत में, हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज

मेरठ, उत्तर प्रदेश। लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि पति ने अपनी महिला मित्र के उकसाने पर पत्नी पर कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की। जान बचाने के लिए पत्नी कार के बोनट पर लटक गई, लेकिन आरोपी ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे करीब 100 मीटर तक बोनट पर लटकाकर दौड़ाया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पति और उसकी महिला मित्र के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को हिरासत में ले लिया है। काजीपुर, लोहियानगर निवासी सुनीता पुत्री चरण सिंह का विवाह वर्ष 2012 में ग्राम हसनपुर कला, थाना किठौर निवासी मयंक के साथ हुआ था। ससुराल पक्ष से विवाद और प्रताड़ना के बाद सुनीता अपने दो बच्चों के साथ लोहियानगर स्थित मकान में रह रही थी। शनिवार को सुनीता को सूचना मिली कि उसका पति मयंक एक अन्य महिला के साथ कार में जा रहा है। इसके बाद सुनीता हापुड़ रोड स्थित 44वीं वाहिनी पीएसी और इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंची और कार रोककर विरोध जताया। सुनीता का आरोप है कि जब उसने कार में बैठी महिला को नीचे उतारने का प्रयास किया तो महिला ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मयंक को उसे जान से मारने के लिए उकसाया। इसके बाद मयंक ने कथित तौर पर कार सुनीता की तरफ बढ़ा दी। जान बचाने के लिए वह कार के बोनट पर लटक गई। आरोप है कि इसके बावजूद मयंक ने कार नहीं रोकी और बोनट पर लटकी सुनीता को लेकर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से बिजली बंबा चौकी होते हुए जुबेदा मस्जिद की तरफ गाड़ी दौड़ाता रहा। सुनीता का आरोप है कि उसे नीचे गिराने और जान से मारने की नीयत से कार को दो बार डिवाइडर से भी टकराया गया। सुनीता मदद के लिए चिल्लाती रही। पीछे से आ रहे बाइक सवारों और राहगीरों ने शोर मचाकर कार रुकवाने की कोशिश की। करीब 100 मीटर आगे वनस्थली स्कूल के पास कार रुकने पर मयंक ने कथित तौर पर सुनीता को झाड़ियों में गिरा दिया और उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस मयंक और उसकी महिला मित्र को कार समेत लोहियानगर थाने ले गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मयंक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटना में इस्तेमाल टोयोटा कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *