कुर्ला के मकादवाला कंपाउंड में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन: 25 घरों की तलाशी में तलवारें और घातक हथियार बरामद
विनोद पवार हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार, 150 पुलिसकर्मियों की 10 टीमों ने की कार्रवाई

मुंबई। कुर्ला पश्चिम स्थित मकादवाला कंपाउंड में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और हिंसक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विनोबा भावे नगर पुलिस ने गुरुवार आधी रात को बड़े पैमाने पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। इस दौरान विनोद पवार हत्याकांड में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि इलाके के घरों से तलवार, बड़े चाकू, छुरी समेत कई घातक हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने अभियान के दौरान कई पुराने अपराधियों को भी हिरासत में लिया।
पारिवारिक विवादों में एक दशक में चार हत्याएं
कुर्ला पश्चिम का करीब तीन एकड़ में फैला मकादवाला कंपाउंड लंबे समय से पारिवारिक विवादों और आपसी रंजिश के कारण चर्चा में रहा है। यहां कुछ परिवारों के बीच पैतृक संपत्ति, आर्थिक हितों और सामाजिक वर्चस्व को लेकर विवाद चलते रहे हैं। ये विवाद कई बार मारपीट, हिंसक हमलों और हत्या जैसी घटनाओं तक पहुंच चुके हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पिछले एक दशक में इस इलाके में चार लोगों की हत्या हो चुकी है। कुछ दिन पहले इसी परिसर में 40 वर्षीय विनोद पवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। विनोबा भावे नगर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसी बीच वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमित ताड को सूचना मिली कि इलाके के कुछ घरों में खतरनाक हथियार छिपाकर रखे गए हैं, जिनका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है।
150 पुलिसकर्मियों की 10 टीमों ने की तलाशी
सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष अभियान की योजना बनाई गई। जोन-7 के विभिन्न पुलिस थानों की मदद से 10 टीमें गठित की गईं, जिनमें करीब 150 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। गुरुवार मध्यरात्रि पुलिस ने पूरे मकादवाला कंपाउंड की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान करीब 25 से 30 घरों की तलाशी ली गई। पुलिस को वहां से तलवारें, बड़े चाकू, छुरियां और अन्य घातक हथियारों का जखीरा मिला। हथियारों की बरामदगी के संबंध में विनोबा भावे नगर पुलिस ने पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। इनमें से एक मामले में एक महिला भी आरोपी है।
पुलिस की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप
विनोद पवार हत्याकांड में तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने इलाके के पुराने अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। यह अभियान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी क्षेत्रीय प्रभाग) धनंजय कुलकर्णी, पुलिस उपायुक्त गणेश शिंदे और सहायक पुलिस आयुक्त पसालवार के मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस के इस व्यापक अभियान के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मकादवाला कंपाउंड में आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
