महाराष्ट्र में नकली दवाओं और अवैध कारोबार पर FDA का बड़ा एक्शन: 7 महीने में 17.73 करोड़ का माल जब्त

131 छापे, 37 FIR दर्ज और 19 गिरफ्तार, दवा विक्रेताओं और निर्माताओं के खिलाफ 2,629 नियामक कार्रवाइयां

मुंबई। महाराष्ट्र में नकली दवाओं, अवैध दवा कारोबार और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (FDA) के औषध विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 के बीच राज्यभर में 7,950 निरीक्षण किए गए। इस दौरान 2,629 नियामक कार्रवाइयां की गईं, जबकि 131 छापों में करीब 17.73 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान 37 FIR दर्ज हुईं और 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को FDA से मिले आंकड़ों के अनुसार, सात महीनों में दवा निर्माताओं और अन्य प्रतिष्ठानों के 1,402 तथा दवा बिक्री प्रतिष्ठानों के 6,548 निरीक्षण किए गए। नियमों के उल्लंघन पर कुल 2,888 नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 555 लाइसेंस रद्द और 2,074 लाइसेंस निलंबित किए गए।
कोकण विभाग में सबसे ज्यादा कार्रवाई
विभागीय आंकड़ों में कोकण क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 2,502 निरीक्षण, 808 नोटिस और 712 नियामक कार्रवाइयां दर्ज की गईं। इसके बाद पुणे में 501, बृहन्मुंबई में 493 और छत्रपति संभाजीनगर में 364 नियामक कार्रवाइयां की गईं।
बिना लाइसेंस कारोबार पर सबसे बड़ी कार्रवाई
FDA की 131 छापेमारी में बिना लाइसेंस दवा निर्माण और बिक्री के 53 मामले सामने आए, जिनमें 12.73 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया। नकली दवाओं और सौंदर्य प्रसाधनों के मामलों में 14 छापे मारकर 2.19 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया। इसके अलावा आपत्तिजनक विज्ञापनों के 31 मामलों में 55.57 लाख रुपये तथा मिथ्याछाप सौंदर्य प्रसाधनों के 12 मामलों में 49.89 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। NDPS कानून के तहत 10 छापे मारकर 10 FIR दर्ज की गईं और 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। FDA की इस कार्रवाई से राज्य में दवा निर्माण और बिक्री के क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसने का संकेत मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *