कार्तिकी एकादशी पर पंढरपुर के लिए एसटी की 1,000 अतिरिक्त बसें तैनात

लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन महामंडल की विशेष तैयारी, दर्शन के बाद घर लौटने के लिए भी मिलेगी पर्याप्त बस सेवा

मुंबई। पंढरपुर में 21 नवंबर को होने वाली कार्तिकी एकादशी यात्रा के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) ने व्यापक तैयारियां की हैं। विठ्ठल-रुक्मिणी के दर्शन के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर करीब 1,000 अतिरिक्त बसें तैयार रखी गई हैं। इन बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शुक्रवार को यह जानकारी परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने दी। आषाढ़ी एकादशी की तरह कार्तिकी एकादशी का भी वारकरी संप्रदाय में विशेष महत्व है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को प्रबोधिनी एकादशी भी कहा जाता है। इस पावन अवसर पर महाराष्ट्र सहित देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु भगवान विठ्ठल और माता रुक्मिणी के दर्शन के लिए पंढरपुर पहुंचते हैं। चंद्रभागा नदी के तट पर भक्ति, श्रद्धा और वारकरी परंपरा का विशेष उत्सव देखने को मिलता है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए एसटी महामंडल ने पंढरपुर के चंद्रभागा बस अड्डे से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बस फेरियों की योजना बनाई है। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को अपने घर लौटने के लिए भी पर्याप्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। भीड़ नियंत्रण, बसों के संचालन और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को किराये में छूट
एसटी महामंडल की ओर से अमृत वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। वहीं, 65 से 75 वर्ष आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को टिकट किराये में 50 प्रतिशत की छूट मिलती है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने श्रद्धालुओं से इन सुविधाओं का लाभ उठाने और निजी वाहनों के बजाय एसटी की सुरक्षित एवं भरोसेमंद बस सेवा को प्राथमिकता देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *