Tuesday, April 14, 2026
Google search engine
HomeCrimeनेस्को ड्रग्स पार्टी केस में बड़ी कार्रवाई: कल्याण से सप्लायर आनंद पटेल...

नेस्को ड्रग्स पार्टी केस में बड़ी कार्रवाई: कल्याण से सप्लायर आनंद पटेल गिरफ्तार

कल्याण/मुंबई। कल्याण में हाई-प्रोफाइल नेस्को सेंटर ड्रग्स पार्टी मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार देर रात छापेमारी कर पुलिस ने कथित ड्रग सप्लायर आनंद पटेल को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई करीब एक घंटे तक चले तनावपूर्ण गतिरोध के बाद पूरी हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर मुंबई पुलिस ने खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन के सहयोग से यह संयुक्त ऑपरेशन चलाया। सूचना मिली थी कि आनंद पटेल कल्याण पश्चिम स्थित अपने घर में छिपा हुआ है। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अमरनाथ वाघमोडे के नेतृत्व में टीम ने मोहन हाइट्स नामक रिहायशी परिसर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस का सामना सबसे पहले आरोपी के पिता लखन पटेल से हुआ, जिन्होंने कथित तौर पर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बेटे के शहर से बाहर होने का दावा किया। हालांकि, पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस टीम अपार्टमेंट तक पहुंची। दरवाजा न खोलने के कारण करीब एक घंटे तक गतिरोध की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि आरोपी को हिरासत में लिए बिना वे नहीं लौटेंगे। अंततः समझाइश और दबाव के बाद आनंद पटेल ने दरवाजा खोला, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद खड़कपाड़ा पुलिस स्टेशन ने आरोपी को आगे की जांच के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आनंद पटेल, जो खुद को बिल्डर बताता है, ने नेस्को सेंटर में आयोजित पार्टी में ड्रग्स सप्लाई करने में अहम भूमिका निभाई थी। पुलिस को संदेह है कि वह बड़े ड्रग नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है और कल्याण व आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करता रहा है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के पिता लखन पटेल की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments