ग्वालियर में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: 19 पटवारी निलंबित

फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी, सीएम हेल्पलाइन और राजस्व प्रकरणों में देरी बनी कार्रवाई की वजह

ग्वालियर, मध्य प्रदेश। सरकारी योजनाओं और राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने पर ग्वालियर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 19 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर संबंधित एसडीएम ने निलंबन आदेश जारी किए। जिला प्रशासन की समीक्षा में फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना की ई-केवाईसी, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण और राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई। कई प्रकरण निर्धारित समय-सीमा में पूरे नहीं किए गए थे।
प्रशासन के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों को लंबे समय तक लंबित रखना, राजस्व न्यायालयों में समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत न करना और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करना भी गंभीर लापरवाही के रूप में सामने आया। कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्पष्ट किया है कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब प्रशासन की नजर फार्मर रजिस्ट्री, ई-केवाईसी और सीएम हेल्पलाइन के लंबित मामलों के तेजी से निपटारे पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *