Wednesday, April 8, 2026
Google search engine
HomeBusinessमहाराष्ट्र में 6.5 अरब डॉलर का बड़ा निवेश: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की...

महाराष्ट्र में 6.5 अरब डॉलर का बड़ा निवेश: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में विन ग्रुप के साथ एमओयू साइन

मुंबई। वियतनाम की विन ग्रुप जॉइंट स्टॉक कंपनी ने महाराष्ट्र में शाश्वत शहरी विकास, औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए करीब 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश की घोषणा की है। इस संबंध में कंपनी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में बुधवार को उद्योग विभाग और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के साथ सामंजस्य करार (MoU) पर हस्ताक्षर किए। ‘वर्षा’ सरकारी निवास पर आयोजित कार्यक्रम में एमएमआरडीए के आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव पी. अन्बलगन और विन ग्रुप (एशिया ऑपरेशंस) के सीईओ फाम सान्ह चाऊ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य में तेज़ी से हो रहे विकास के बीच विन ग्रुप का निवेश महाराष्ट्र के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुंबई और रायगढ़ क्षेत्र भविष्य में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने वाला गतिशील शहरी केंद्र बनेगा और इस परियोजना से आधुनिक एवं सशक्त शहरी वातावरण तैयार होगा। उन्होंने निवेशकों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि राज्य प्रशासन किसी भी चुनौती का समाधान करने में सक्षम है और निवेश प्रक्रिया को सुगम बनाया जाएगा।
5 हजार एकड़ में प्रोजेक्ट, 24,700 रोजगार की संभावना
इस करार के तहत अगले दो वर्षों में लगभग 5 हजार एकड़ क्षेत्र में विभिन्न परियोजनाएं विकसित की जाएंगी, जिससे करीब 24,700 प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। मुंबई महानगर क्षेत्र सहित राज्य के अन्य चयनित स्थानों पर ये प्रोजेक्ट स्थापित किए जाएंगे।
स्मार्ट टाउनशिप और ई-मोबिलिटी पर फोकस
परियोजना के तहत करीब 2,700 एकड़ में विश्वस्तरीय, पर्यावरण अनुकूल स्मार्ट टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें लगभग 2 लाख लोगों के रहने की योजना है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक टैक्सी सेवा और ‘मोबिलिटी-एज-ए-सर्विस’ प्लेटफॉर्म विकसित किया जाएगा।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र में विस्तार
सामाजिक और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे के तहत ‘विनस्कूल’ के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्कूल, ‘विनमेक’ के जरिए मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल और ‘वी ग्रीन’ के माध्यम से इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए करीब 170 एकड़ भूमि का उपयोग किया जाएगा। साथ ही 500 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए लगभग 1,200 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी, जिससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए 865 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का थीम पार्क, चिड़ियाघर और सफारी प्रोजेक्ट विकसित करने की योजना है। इससे राज्य में पर्यटन वृद्धि के साथ बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह निवेश राज्य के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments