महाराष्ट्र के विश्वविद्यालयों में विकसित हो सकते हैं ‘माइक्रो फॉरेस्ट’, प्रिंस रहीम आगा खान ने राज्यपाल से की मुलाकात

पर्यावरण, जलवायु कार्रवाई और जल संरक्षण में सहयोग पर चर्चा; माता-पिता की 50 साल पुरानी तस्वीरें देखकर भावुक हुए आगा खान

मुंबई। शिया इस्माइली मुस्लिम समुदाय के 50वें इमाम और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क (AKDN) के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम ने रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई स्थित महाराष्ट्र लोकभवन में स्वागत किया। इस दौरान महाराष्ट्र के विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ‘माइक्रो फॉरेस्ट’ विकसित करने की संभावनाओं सहित पर्यावरण संरक्षण, जलवायु कार्रवाई और ग्रामीण विकास के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रिंस रहीम आगा खान ने बताया कि AKDN हजारों स्थानों पर माइक्रो फॉरेस्ट विकसित करने की पहल कर रहा है और महाराष्ट्र के विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी इस मॉडल को लागू करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। उन्होंने राज्य के विश्वविद्यालयों के साथ पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई से जुड़े क्षेत्रों में सहयोग की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए नेटवर्क भारत के कई शहरों में क्लाइमेट एक्शन प्लान पर काम कर रहा है। महाराष्ट्र के शहरों में भी गर्मी के प्रभाव को कम करने के लिए अभिनव कूलिंग उपायों पर काम किया जा रहा है। पुणे, मीरा-भाईंदर और चंद्रपुर सहित विभिन्न स्थानों पर जलवायु कार्रवाई, उत्सर्जन कम करने और शीतकरण से संबंधित परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
वसई में जलस्रोतों के पुनर्जीवन से भूजल बढ़ाने की पहल
प्रिंस रहीम ने राज्यपाल को बताया कि AKDN से जुड़ी संस्थाएं वसई क्षेत्र में तालाबों और अन्य जलस्रोतों के पुनर्जीवन पर भी काम कर रही हैं। इन प्रयासों से भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने हैदराबाद स्थित आगा खान अकादमी के साथ संगीत और साहित्य के क्षेत्र में नेटवर्क की गतिविधियों की जानकारी भी दी। राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने AKDN से महाराष्ट्र के आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका विकास के क्षेत्र में भी काम करने पर विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, पर्यावरण, जलवायु कार्रवाई और आजीविका विकास में भागीदारी से नागरिकों को दीर्घकालीन और सार्थक लाभ मिल सकते हैं।
पिता की पुरानी तस्वीरें देख भावुक हुए प्रिंस रहीम
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने प्रिंस रहीम आगा खान को एक विशेष फोटो एलबम भेंट किया। इसमें उनके दिवंगत पिता प्रिंस करीम आगा खान चतुर्थ और उनकी माता की पिछले करीब 50 वर्षों के दौरान तत्कालीन राज्यपालों के साथ राजभवन और लोकभवन में ली गई तस्वीरें शामिल थीं। अपने दिवंगत पिता से जुड़ी पुरानी यादें और तस्वीरें देखकर प्रिंस रहीम भावुक हो गए। उन्होंने कहा, “यह वास्तव में भावुक कर देने वाला है। अद्भुत!”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *