
मुंबई। मराठा आंदोलन के दौरान महाराष्ट्र में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। मराठा आरक्षण की मांग कोलेकर भड़के प्रदर्शनकारियों ने बीड में नेताओं के घर पर धावा बोला। हालांकि मराठा आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मनोज जरांगे पाटील ने प्रदर्शन के दौरान हिंसा-आगजनी नहीं करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि ऐसा करने से वह अपना रुख बदल सकते है। लेकिन इसके बाद भी मराठा प्रदर्शनकारी आक्रमक है। इसके चलते राज्य के उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार देर रात में करीब तक एक घंटे तक मराठा आंदोलन से उपजे हालत का जायजा लिया। इस बैठक में प्रदेश भर के कलेक्टर और सभी पुलिस प्रमुख मौजूद रहे। मराठा आंदोलन के दौरान संपत्ति और जान-माल को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है। साथ ही मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी करने का भी निर्देश दिया गया है। राज्य सरकार की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि हिंसात्मक माहौल होने पर सख्त कार्रवाई की जाए। इस बैठक में संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से मुआवजा लेने पर भी चर्चा हुई। राज्य में कई जगहों पर बसें और नेताओं के घर जला दिए गए। सबसे ज्यादा उपद्रव बीड जिले में हुआ है। बीड शहर में मराठा आरक्षण को लेकर हुई हिंसक घटनाओं के मद्देनजर धारा-144 लागू की गयी है।
मराठा आरक्षण समर्थक प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने सोमवार को बीड शहर में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के कार्यालय में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों के समूह ने एनसीपी विधायक संदीप क्षीरसागर और राज्य के पूर्व मंत्री जय क्षीरसागर के आवासों को भी फूंक दिया।
बीड में हिंसा के बाद इंटरनेट बंद
बीड कलेक्टर दीपा मुधोल-मुंडे ने कहा फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। कल रात से बीड में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। सभी दुकानें और बाजार बंद हैं। फिलहाल बीड में इंटरनेट पर प्रतिबंध लगाया गया है। हर उपद्रवी के खिलाफ कार्र
40 उपद्रवी गिरफ्तार
बीड के एसपी नंद कुमार ठाकुर ने कहा उपद्रव में शामिल अब तक 40 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। स्थिति नियंत्रण में है और कल शाम से किसी घटना की सूचना नहीं है। विभिन्न स्थानों पर पुलिस गश्त जारी है, धारा-144 लगाई गई है।
संभाजीनगर में 30 से ज्यादा पर केस दर्ज
इस बीच छत्रपति संभाजीनगर जिले में बीजेपी विधायक प्रशांत बंब के कार्यालय में भी मराठा प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की गई। अब इस मामले में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों के खिलाफ गंगापूर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 30 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अलर्ट
मराठवाडा में मराठा आरक्षण आंदोलन हिंसक हो गया है और बीड और धाराशिव जिलों में पाबंदी लगा दिया गया है। आंदोलन का असर मराठवाडा के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। इसके चलते पुलिस अलर्ट पर है। इसके साथ ही पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाये रखने की अपील की है।




