
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन तथा दिवंगत अजित पवार की जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार 22 से 28 जुलाई 2026 तक पूरे राज्य में ‘महा आरोग्य शिविर’ आयोजित करेगी। चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों, संबद्ध अस्पतालों, सरकारी दंत, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी महाविद्यालयों को इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री मुश्रीफ ने कहा कि अधिक से अधिक नागरिकों तक इस अभियान का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरण किया जाए। प्रत्येक मेडिकल कॉलेज में नोडल अधिकारी नियुक्त कर अलग-अलग समितियां बनाई जाएं तथा शिविरों के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में पंजीकरण काउंटर, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं, एंबुलेंस, दवाइयां और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहें। स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
शिविरों में मिलेंगी ये प्रमुख सेवाएं
22 से 28 जुलाई: राज्यभर के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर।
22 से 24 जुलाई: स्तन कैंसर जांच शिविर।
25 से 27 जुलाई: गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जांच।
22 से 24 जुलाई: बोन मिनरल डेंसिटी एवं हड्डी जांच।
22 से 25 जुलाई: नेत्र रोग जांच एवं आवश्यक शल्य चिकित्सा।
बारामती और कोल्हापुर: 22, 31 जुलाई तथा 1 अगस्त को डॉ. मुफ्फजल लकड़ावाला के मार्गदर्शन में लेप्रोस्कोपिक हर्निया सर्जरी एवं मोटापा जांच शिविर।
मुंबई, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, जलगांव तथा कागल के सरकारी दंत एवं होम्योपैथी महाविद्यालयों में 22 से 28 जुलाई तक मुख कैंसर जांच शिविर।
मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा कि ‘महा आरोग्य शिविर’ सरकार का एक महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी अभियान है, जिसका उद्देश्य राज्य के प्रत्येक पात्र नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। सभी अधिष्ठाताओं को प्रतिदिन शिविरों की समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट संचालनालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

