उन्नाव में धूमधाम से विराजे ‘लोकनगर के राजा’, जयकारों से गूंजा क्षेत्र

सात दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ, 20 सितंबर को जागरण और 21 को विशाल भंडारे के बाद निकलेगी विसर्जन यात्रा

उन्नाव, उत्तर प्रदेश । गणेश चतुर्थी महोत्सव के पावन अवसर पर सोमवार को ‘नर सेवा-नारायण सेवा’ समिति के तत्वावधान में लोकनगर क्षेत्र में भव्य गणेश स्थापना की गई। ‘लोकनगर के राजा’ के आगमन को लेकर सुबह से ही क्षेत्र में भक्तिमय माहौल रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। गणपति स्थापना के अवसर पर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पारंपरिक धुनों और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा मार्ग गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बप्पा का स्वागत किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद विधि-विधान के साथ गणपति प्रतिमा को विराजमान किया गया। नर सेवा-नारायण सेवा समिति उन्नाव के जिलाध्यक्ष राकेश राजपूत ने बताया कि सात दिवसीय गणेश महोत्सव के तहत 20 सितंबर को भव्य जागरण एवं प्रसाद वितरण और 21 सितंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 1 बजे गणपति विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। पूरा धार्मिक आयोजन चौधरी खजान सिंह कॉलेज, लोकनगर में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर समिति के संस्थापक विमल द्विवेदी, प्रदेश अध्यक्ष अनिता द्विवेदी, जिला प्रभारी अजय त्रिवेदी, वीरांगना अध्यक्ष ज्योति राजपूत, जिलाध्यक्ष राकेश राजपूत, पूर्व सैनिक ए.के. दीक्षित, आर.के. मिश्रा, निशांत शुक्ला, कमलेश बाजपेई, योगेंद्र तिवारी, विष्णु गुप्ता, केतन अवस्थी, मनीष मिश्रा, मुकेश दीक्षित, शिव सेवक त्रिपाठी और अंकुर त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *