झांसी में महाष्टमी पर कन्या पूजन और दुर्गा पूजा
डॉ. संदीप सरावगी ने की आरती, कन्याओं का पूजन कर बांटे उपहार एवं प्रसाद

झांसी, उत्तर प्रदेश। शारदीय नवरात्रि की महाष्टमी झांसी में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाई गई। शहर के भवानी मंदिर चौराहा स्थित टंकी वाली माता मंदिर, सदर बाजार में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन हुआ, जबकि अंदर सैयेर गेट स्थित फूटा चोपड़ा में बांधव समिति द्वारा आयोजित 166वें वर्ष के श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों आयोजनों में संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। टंकी वाली माता मंदिर में महाष्टमी के अवसर पर कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनके चरण पखारे गए और विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया तथा उपहार देकर सम्मानित किया गया। डॉ. संदीप सरावगी ने मां दुर्गा की आरती कर आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। उनके आगमन पर आयोजकों ने तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस अवसर पर मोहन सोनी, मयंक अग्रवाल, विजय अग्रवाल, रजत अग्रवाल, राकेश जैन, दीपक अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, कमल चोपड़ा, राजू जैन, प्रदीप, मिथुन और फिरंगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, अंदर सैयेर गेट स्थित फूटा चोपड़ा में बांधव समिति द्वारा आयोजित 166वें श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव के अंतर्गत सोमवार, 19 अक्टूबर को महाअष्टमी पर पूजा एवं पुष्पांजलि, संधि पूजा, बलिदान और संध्या आरती का आयोजन किया गया। मां दुर्गा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। समिति की ओर से हिंदी फिल्मों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। यहां भी मुख्य अतिथि डॉ. संदीप सरावगी ने मां दुर्गा की आरती की और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। समिति के सदस्यों ने तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदीप मुखर्जी, जय चटर्जी, सौमित्र रॉय और रवि शंकर चटर्जी सहित समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। दोनों आयोजनों के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ नारी सम्मान, सामाजिक समरसता, सेवा और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
