‘न्यूड सीन कर चुकी हूं तो इसका मतलब यह नहीं कि हर बार करूंगी’, राधिका आप्टे का इंडस्ट्री पर बड़ा खुलासा

एक्ट्रेस बोलीं- कहानी में जरूरत न होने पर भी किसिंग और बोल्ड सीन के लिए कहा जाता है, एक्शन सीन में कपड़ों को लेकर किए गए सुझाव पर भी उठाए सवाल

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री राधिका आप्टे ने फिल्म इंडस्ट्री में इंटीमेट और न्यूड सीन फिल्माए जाने के तरीके को लेकर खुलकर बात की है। राधिका का कहना है कि अपने करियर की शुरुआत में कुछ फिल्मों में ऐसे दृश्य करने के बाद इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने यह मान लिया था कि वह आगे भी बिना सवाल किए इस तरह के सीन करने के लिए तैयार हो जाएंगी। अभिनेत्री के मुताबिक, अब वह किसी भी इंटीमेट सीन के लिए पहले उसकी कहानी में जरूरत और संदर्भ के बारे में सवाल करती हैं। जूम को दिए एक इंटरव्यू में राधिका ने कहा कि शुरुआती दौर में उन्होंने चार-पांच ऐसी फिल्में की थीं जिनमें न्यूड दृश्य थे। इसके बाद कुछ लोगों का रवैया ऐसा हो गया जैसे उन्हें लगा हो कि राधिका के लिए आगे भी इस तरह के दृश्य करना सामान्य बात है। राधिका ने बताया कि अब वह साफ तौर पर सवाल करती हैं कि किसी दृश्य में किसिंग या इंटीमेसी की जरूरत आखिर क्यों है। उनके मुताबिक, कई बार जवाब मिलता है कि यह केवल कुछ सेकेंड का दृश्य है या थोड़ा-सा इम्प्रोवाइजेशन करना है। अभिनेत्री ने कहा कि ऐसे सुझावों पर वह सीधे सवाल करती हैं और बिना उचित वजह के किसी दृश्य को करने के लिए तैयार नहीं होतीं।
एक्शन सीन की चर्चा पहुंच गई कपड़ों तक
इंटरव्यू में राधिका ने एक फिल्म के सेट से जुड़ा अनुभव भी साझा किया। उनके मुताबिक, शुरुआत एक एक्शन सीन को फिल्माने की चर्चा से हुई थी, लेकिन बातचीत धीरे-धीरे उनके कपड़ों पर केंद्रित हो गई। राधिका के अनुसार, उनसे पूछा गया कि क्या वह शर्ट के बटन खुले रखकर एक्शन सीन कर सकती हैं। इस पर उन्होंने सवाल किया कि एक्शन के दौरान बिना बटन वाली शर्ट स्वाभाविक रूप से उड़ती रहेगी। इसके बाद कथित तौर पर उन्हें केवल अंतर्वस्त्रों में वह दृश्य करने का सुझाव दिया गया। राधिका ने बताया कि यह सुनकर वह हैरान रह गईं और उन्होंने मेकर्स से सीधे पूछा कि आखिर वे उनसे किस तरह का दृश्य करवाना चाहते हैं। राधिका लंबे समय से फिल्मों में बोल्ड और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं को लेकर खुलकर बात करती रही हैं। उनका कहना है कि किसी कलाकार का पहले किसी तरह का दृश्य करना इस बात की स्थायी सहमति नहीं हो सकती कि वह भविष्य की हर फिल्म में वैसा ही दृश्य करेगा। उनके मुताबिक, कहानी की जरूरत, दृश्य का संदर्भ और कलाकार की सहमति सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *