ठाणे FDA अधिकारियों पर लगे वसूली के आरोपों पर बोले सह आयुक्त सचिन जाधव

सभी अधिकारियों से मांगी जानकारी, मिलने के बाद विजिलेंस को सौंपी जाएगा जानकारी


मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (FDA) में आयुक्त तुकाराम मुंढे के आने के बाद मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत द्वारा सोशल मीडिया पर एफडीए आयुक्त के नाम एक पत्र साझा कर विभाग के कुछ अधिकारियों पर कथित वसूली के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद एफडीए की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने मंगलवार को इस मामले पर कहा था कि उन्हें ऐसा कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सबूत के साथ कोई जानकारी प्राप्त होती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान एफडीए के 12 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि जानकारी के मुताबिक, इन 12 अधिकारियों के खिलाफ प्रस्ताव का सांसद संजय राउत द्वारा लगाए गए आरोपों से कोई संबंध नहीं है। इनकी जांच पहले से चल रही थी। वहीं, संजय राउत द्वारा ठाणे एफडीए के अधिकारियों पर लगाए गए कथित वसूली के आरोपों तथा एक क्विक कॉमर्स कंपनी से वसूली के उल्लेख को लेकर गुरुवार को संवाददाता ने कोंकण मंडल के सह आयुक्त सचिन जाधव से सवाल किया। इस पर जाधव ने कहा, “मैंने विभाग के सभी अधिकारियों से इसकी जानकारी मांगी है। जानकारी आने के बाद इसे विजिलेंस को सौंपा जाएगा। फिलहाल इस पर ज्यादा कुछ कहना जल्दबाजी होगी।” ठाणे के कुछ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के खिलाफ वसूली संबंधी शिकायतें पहले भी पूर्व एफडीए आयुक्त कार्यालय व एफडीए मंत्री तक की गई थी।। इन शिकायतों की जांच सह आयुक्त (विधि) के स्तर पर पिछले 6 महीनों से लंबित होने की जानकारी है। ऐसे में वर्तमान आरोपों और पूर्व शिकायतों की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ की नीति पर काम कर रहा है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों पर वसूली जैसे गंभीर आरोप सामने आने के बाद उनकी निष्पक्ष जांच और तथ्यों को सार्वजनिक करना एफडीए की साख और पारदर्शिता की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *