जंतर-मंतर जा रहे INDIA गठबंधन के सांसद हिरासत में, प्रियंका गांधी ने पुलिस पर लगाया बल प्रयोग का आरोप

जमीन पर लेटी नजर आईं प्रियंका गांधी, राहुल गांधी भी हिरासत में, SIR में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन


नई दिल्ली। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जंतर-मंतर जा रहे INDIA गठबंधन के कई सांसदों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा जमीन पर लेटी हुई नजर आईं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा, “मैं यहां से नहीं हटूंगी। चुनाव आयोग से मिलने आए सांसदों के साथ वे ऐसा बर्ताव करते हैं। सांसदों को वे ऐसे पीटते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें कई जगह खरोंचा और जमीन पर पटक दिया। प्रियंका गांधी ने पुलिस बल को पीछे हटाने की मांग भी की। बाद में पुलिसकर्मियों ने उन्हें जंतर-मंतर के पास धरना स्थल से हटा दिया। विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ SIR प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे थे। जंतर-मंतर के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और सांसदों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग के कार्यालय तक जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने इसे सरकार की “गुंडागर्दी” बताते हुए कहा कि सांसद चुनाव आयोग के कार्यालय जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए कहा कि जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थान है और अगर वहां भी प्रदर्शन नहीं करने दिया जाएगा तो लोग अपनी आवाज कहां उठाएंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के मतदाताओं के अधिकारों के लिए लड़ रहा है और सांसदों तक को निर्धारित प्रदर्शन स्थल पर जाने से रोका जा रहा है। आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने भी पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और विपक्ष अपनी लड़ाई जारी रखेगा। झा ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे लोगों के खिलाफ बल प्रयोग किया जा रहा है। इससे पहले INDIA गठबंधन के सांसदों ने कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बुलाई गई बैठक में हिस्सा लिया था। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े मुद्दे और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। आकाशवाणी भवन में पिछले विरोध मार्च और धरने के बाद विपक्षी दलों ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। अब SIR में कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच टकराव और तेज होता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *