मिर्जापुर में सीएम योगी का सपा पर हमला, बोले— विकास कार्यों में बाधा डालने वालों को जनता ने नकारा
मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद जनसभा को किया संबोधित, विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन की अपील

मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह मिर्जापुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर विंध्याचल स्थित मोतिया झील हेलीपैड पर उतरा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। वहां से वे कालीखोह मंदिर मोड़ स्थित जनसभा स्थल पहुंचे, जहां शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग कभी माफिया के सामने गिड़गिड़ाते थे, वे आज प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले नवरात्रि के दौरान मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद होते थे, जबकि आज सरकार जनता की सुरक्षा के लिए खड़ी है। मुख्यमंत्री ने वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दे रही है। प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से शिक्षण संस्थानों का विकास किया जा रहा है और युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से नौकरियां उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता को ऐसा जनप्रतिनिधि चुनना चाहिए, जो उनकी समस्याओं को शासन तक पहुंचा सके और विकास योजनाओं को स्वीकृति दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपने शासनकाल में कई विकास परियोजनाओं में बाधाएं उत्पन्न कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिर्जापुर में मेडिकल कॉलेज, भदोही में विश्वविद्यालय, गंगा नदी पर पुलों के निर्माण और सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज जैसी परियोजनाओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने व्यवधान पैदा करने का प्रयास किया। उन्होंने सपा को विकास के रास्ते में बाधा बताते हुए कहा कि प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए ऐसी बाधाओं को दूर करना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 अक्टूबर को वाराणसी खंड के विधान परिषद चुनाव होने हैं। उन्होंने बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी सहित संबंधित जिलों के मतदाताओं से चुनाव में भागीदारी की अपील की। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेहरू परिवार और समाजवादी पार्टी सैफई परिवार तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने कहा कि इन दलों ने प्रदेश के व्यापक विकास की अपेक्षा अपने परिवारों को प्राथमिकता दी, जिसके कारण जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विंध्याचल धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले यहां श्रद्धालुओं को संकरे रास्तों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण परेशानी उठानी पड़ती थी। अब मां विंध्यवासिनी धाम का स्वरूप भव्य हो गया है और प्रतिदिन लगभग दो लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि विंध्यवासिनी कॉरिडोर, अष्टभुजा और कालीखोह मंदिरों को जोड़ने वाले त्रिकोण क्षेत्र के विकास, बुनियादी सुविधाओं तथा गंगा घाटों के निर्माण पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग अन्य कार्यों में किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कब्रिस्तानों की चहारदीवारी के नाम पर धन खर्च करने और गरीबों की जमीनों पर कब्जे जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। भाजपा सरकार ने ऐसे दुरुपयोग पर रोक लगाकर धन को धार्मिक स्थलों, बुनियादी सुविधाओं और विकास परियोजनाओं की ओर मोड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर निर्णय लेने की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने इसी सोच के साथ प्रदेश में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है।
