पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने किया नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाने का ऐलान, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में उतरेंगी
जनता की भागीदारी, जरूरत के आधार पर फैसले और जवाबदेही होंगे पार्टी के तीन प्रमुख वचन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने ‘जननीति भारत’ नाम से नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की है। दिव्या मित्तल के अनुसार, उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी। उन्होंने जनता की भागीदारी, जरूरतों के आधार पर नीतिगत फैसले और जवाबदेही को अपनी राजनीतिक सोच का प्रमुख आधार बताया है। दिव्या मित्तल ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से अपनी नई राजनीतिक पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश में समस्या राजनीति की कमी नहीं, बल्कि आम लोगों की सुनवाई नहीं होने की है। उनका उद्देश्य ऐसी राजनीतिक व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें जनता की आवाज को प्राथमिकता मिले और नीतियां लोगों की वास्तविक जरूरतों के अनुसार बनाई जाएं। उन्होंने बताया कि पिछली बार राजनीति में आने की इच्छा व्यक्त करने के बाद उन्होंने लोगों से संपर्क स्थापित करने के लिए एक मोबाइल नंबर साझा किया था। इस नंबर पर इतनी बड़ी संख्या में संदेश आए कि व्हाट्सएप ने उसे रोक दिया। दिव्या मित्तल ने कहा कि उन्हें इतने बड़े पैमाने पर लोगों की प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद नहीं थी। संदेशों के प्रबंधन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को हुई असुविधा के लिए उन्होंने माफी भी मांगी। जनता से मिली प्रतिक्रिया का उल्लेख करते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हुआ, जैसे वह सूरज के सामने दिया लेकर खड़ी हों, जबकि उन्हें केवल खिड़की खोलने की जरूरत थी। इस उदाहरण के माध्यम से उन्होंने जनता की भागीदारी और लोगों से मिले समर्थन को लेकर अपने अनुभव साझा किए। दिव्या मित्तल ने अपनी प्रस्तावित राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ के तीन प्रमुख वचनों की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहला वचन यह है कि देश की नीतियों के केंद्र में जनता होगी और नीतिगत निर्णय लोगों की भागीदारी से लिए जाएंगे। दूसरा वचन यह है कि किसी व्यक्ति की पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक जरूरत के अनुसार फैसले किए जाएंगे। तीसरा वचन प्रत्येक कार्य के लिए जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना और उसी आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिसमें सरकार जनता की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप काम करे। इसके लिए जनभागीदारी को निर्णय लेने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा। वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने की घोषणा के साथ दिव्या मित्तल ने अपनी राजनीतिक दिशा स्पष्ट कर दी है। हालांकि, पार्टी के औपचारिक पंजीकरण, संगठनात्मक ढांचे और चुनावी तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
