रिहाई के तुरंत बाद ईडी ने आजम खां को किया गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई पेशी, जौहर ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से जुड़े मामले में जांच जारी

रामपुर, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। उनकी पेशी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर के आसपास समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे परिसर में सतर्कता बरती गई। दरअसल, आजम खां को शनिवार को रामपुर जेल से रिहाई के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं तथा मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है। ईडी की टीम रविवार को आजम खां को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत लेकर पहुंची। एजेंसी ने उनसे वित्तीय लेनदेन और ट्रस्ट से जुड़े मामलों में पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड की मांग की। हालांकि, अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। आजम खां की पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। समर्थकों की मौजूदगी के बीच पुलिसकर्मी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे।
