उल्हासनगर में खौफनाक चाकूकांड! पुरानी रंजिश में रोहित जगदाळे की हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

सुभाष टेकडी के दस चाल परिसर में आधी रात को चाकुओं से हमला; CCTV और तकनीकी सबूतों के सहारे आरोपियों तक पहुंची विठ्ठलवाडी पुलिस

इंद्र यादव/ठाणे। उल्हासनगर के सुभाष टेकडी इलाके में शुक्रवार मध्यरात्रि हुई एक सनसनीखेज वारदात में पुरानी रंजिश के चलते रोहित जगदाळे की कथित तौर पर चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना विठ्ठलवाडी पुलिस थाने की सीमा में आने वाले दस चाल परिसर की बताई जा रही है, जहां पुलिस के अनुसार 5-6 लोगों के समूह ने रोहित जगदाळे पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल रोहित को तत्काल उल्हासनगर के मध्यवर्ती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद विठ्ठलवाडी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में पांच संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रहार गोडसे के मार्गदर्शन में दोनों डीबी टीमों ने रातभर जांच और आरोपियों की तलाश की। घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीमों ने छत्रपति संभाजीनगर और गंगापुर क्षेत्र में कार्रवाई कर आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रथम बनकर, अतिश मनोहर, अनिकेत खरात उर्फ टॉम, साहिल म्हस्के और प्रतीक क्षेत्रे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या के पीछे आपसी रंजिश और पहले से चले आ रहे विवाद की बात सामने आई है, हालांकि वारदात की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जांच अभी जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं या नहीं। इसके साथ ही वारदात के पीछे किसी संगठित आपराधिक समूह की भूमिका होने की संभावना सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रहार गोडसे के नेतृत्व में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आधी रात हुए इस हत्याकांड के बाद सुभाष टेकडी इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पूरे घटनाक्रम और हत्या के पीछे की वजह का खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *