दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दूध कारोबारी की मौत, युवक गंभीर घायल
कल्याणी नदी पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा, दूध लेकर डेयरी जा रहा था 32 वर्षीय युवक

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। कोतवाली क्षेत्र के माढ़ापुर मार्ग स्थित कल्याणी नदी पुल के निकट सोमवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दूध का कारोबार करने वाले 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शिवदुलार पुरवा निवासी श्रुतिमान उर्फ चुन्नी यादव (32) पुत्र जगत नारायण यादव दूध वितरण का काम करता था। उसके पिता बांगरमऊ नगर के नानामऊ मार्ग स्थित मोहल्ला शुक्लाना में दूध की डेयरी चलाते हैं। श्रुतिमान प्रतिदिन सुबह और शाम बाइक पर दूध के डिब्बे लादकर अपने पिता की डेयरी पहुंचता था। इसके अलावा वह घर-घर जाकर दूध भी वितरित करता था। सोमवार देर शाम श्रुतिमान अपने गांव से बाइक पर दूध के डिब्बे लेकर बांगरमऊ आ रहा था। इसी दौरान माढ़ापुर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर भिखारीपुर कस्बा निवासी विशाल (18) पुत्र संतोष कुमार सवार था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने श्रुतिमान को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। श्रुतिमान की मौत की खबर मिलते ही ग्राम शिवदुलार पुरवा में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रोजाना दूध वितरण कर परिवार के कारोबार में हाथ बंटाने वाले युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
