‘ज्ञानेश कुमार जाएंगे, उन्हें बैठाने वाला सिस्टम भी जाएगा’: राहुल गांधी
‘
गांधी जयंती पर ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के समर्थन में उतरे राहुल, बोले— लाठी से भीड़ रोकी जा सकती है, सवाल नहीं

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गांधी जयंती के मौके पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि हजारों नौजवान कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से सड़कों पर उतरकर अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग स्पष्ट है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और लोकतंत्र बचाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सवालों का जवाब देने के बजाय प्रदर्शन कर रहे युवक-युवतियों को हिरासत में लिया जा रहा है। दिल्ली में भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र और युवा संगठनों ने प्रदर्शन किया। पुलिस के मुताबिक बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश का उल्लेख करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बापू ने सच बोलने और शांति से संघर्ष करने की सीख दी थी। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “लाठी से भीड़ रोकी जा सकती है, सवाल नहीं।” इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार जाएंगे और जिस व्यवस्था ने उन्हें इस पद पर बैठाया है, वह भी जाएगी। गांधी जयंती पर दिल्ली के साथ मुंबई में भी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारी मतदाता सूचियों और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठा रहे हैं। चुनाव आयोग ने चुनावी गड़बड़ियों से जुड़े विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है और अपनी प्रक्रिया का बचाव किया है।
